भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार आजादी के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम इस वर्ष विशेष थीम हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग पर आयोजित किया जा रहा है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 2 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में चलेगा। पहला चरण 2-8 अगस्त, दूसरा 9-12 अगस्त और तीसरा चरण 13-15 अगस्त तक रहेगा। इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक में देशभक्ति की भावना जागृत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को प्रोत्साहित करना है। साथ ही यह स्वच्छता के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। भारत सरकार व राज्य शासन से मिले दिशा-निर्देशों के तहत जिले के सभी सार्वजनिक उपक्रमों, सामाजिक संगठनों, स्व-सहायता समूहों, उनके परिवारों व निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी तय की जाएगी। जिले के प्रत्येक गांव व नगरीय निकाय में तिरंगा वितरण व बिक्री केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। डाकघर व उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं शासकीय भवनों व आवासीय क्षेत्रों में तिरंगा फहराने, तिरंगा थीम रंगोली, सेल्फी जोन तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारियों द्वारा तिरंगा वितरण की जानकारी गूगल फॉर्म के माध्यम से अपलोड की जाएगी।


