भास्कर न्यूज|कुकदूर शिक्षा विभाग के निर्देश पर 5 से 9 जनवरी 2025 तक कुकदूर में आयोजित पांच दिवसीय नवीन पाठ्यपुस्तक आधारित एफएलएन प्रशिक्षण का समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में कुकदूर क्षेत्र के 11 संकुलों के 130 प्राथमिक शिक्षक भागीदार बने। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर के बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता को सुदृढ़ करना था। साथ ही नई पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाना रहा। कार्यक्रम में भाषा, गणित, पर्यावरण, कला, योग शिक्षा और अंग्रेजी से संबंधित नवीन पाठ्य-सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर दिया गया। शिक्षकों को खेल-खेल में सीखने, स्तरानुसार शिक्षण और मूल्यांकन की आधुनिक विधियों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन बीईओ एमके गुप्ता, बीआरसी राममुरारी यादव और जोन प्रभारी सभाजीत सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। आकस्मिक निरीक्षण में एबीईओ कैलाश साहू और एससीईआरटी एफएलएन कोर ग्रुप के सुमित पाण्डेय ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता की समीक्षा की। जादुई पिटारा के उपयोग पर चर्चा: विशेषज्ञ प्रशिक्षकों देवलाल साहू, लक्ष्मण बांधेकर, शिवकुमार बंजारे और विक्रम जांगड़े ने कक्षा- कक्ष में व्यवहारिक प्रयोग, शिक्षण सहायक सामग्री और जादुई पिटारा के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। बच्चों की सीखने की कठिनाइयों को पहचानकर समाधान करने के व्यावहारिक उपाय भी शिक्षकों को सिखाए गए।


