भास्कर न्यूज | लुधियाना हैबोवाल कलां के जोशी नगर स्थित सिद्ध पीठ महाबली संकटमोचन श्री हनुमान मंदिर शंकराचार्य नगर में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में आयोजित 1323वें शृंखलाबद्ध हवन यज्ञ में विश्व शांति की प्रार्थना के साथ मंदिर के उपप्रधान अनुज मदान का जन्मदिवस बेहद श्रद्धापूर्वक मनाया गया। हवन यज्ञ के दौरान पूरा मंदिर परिसर ओम हनुमते नमः के शक्तिशाली मंत्र जाप की ध्वनि से गुंजायमान हो उठा। आचार्य पं. विष्णु और पं. देवी दयाल सहित विद्वान पंडितों के सानिध्य में यजमान रितेश कुमार व हरितेश कुमार ने सपरिवार आहुतियां डालीं। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद जैसे ही सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ शुरू हुआ तो चौपाइयों की गूंज ने पूरे वातावरण को अलौकिक कर दिया। फूलों के गुलदस्ते और शुभकामनाओं से उपप्रधान अनुज मदान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता जीवन देते हैं, लेकिन उसे सार्थक बनाने की कला गुरु ही सिखाते हैं। इस अवसर पर मंदिर प्रधान अमन जैन और चेयरमैन ऋषि जैन ने अनुज मदान के समाज सेवा और मंदिर विकास में योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे भक्तों ने श्री बालाजी महाराज का आशीर्वाद लिया और गुरु-शिष्य परंपरा के इस भावुक क्षण के साक्षी बने।


