जगदलपुर शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर दलपत सागर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को स्वच्छता अभियान के अंतर्गत व्यापक श्रमदान किया गया। इस दौरान आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की गई। दरसअल, हर साल दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और नगर निगम जगदलपुर संयुक्त रूप से करता है। इस साल भी दीपोत्सव का भव्य आयोजन 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन दलपत सागर में किया जाएगा। हर साल की तरह इस साल भी शहरवासियों के सहयोग से यह आयोजन बड़े स्तर पर संपन्न होगा। दीपोत्सव कार्यक्रम को स्वच्छ और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से शनिवार को दलपत सागर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रमदान कर दलपत सागर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया। रानीघाट से आईलैंड गेट तक चला सफाई अभियान स्वच्छता अभियान की शुरुआत दलपत सागर के रानीघाट से की गई। नगर निगम के अमले के साथ इस अभियान में विभिन्न समाजों औरवं संगठनों के लोग भी शामिल हुए। महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर हरिस एस, पार्षद, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं शहर के नागरिकों ने स्वयं श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई। लगभग दो घंटे से अधिक समय तक चले इस अभियान में रानीघाट से लेकर आईलैंड के मुख्य द्वार तक दलपत सागर के चारों ओर व्यापक साफ-सफाई की गई। महापौर संजय पांडेय ने कहा कि दलपत सागर केवल एक जलस्रोत नहीं, बल्कि जगदलपुर की पहचान और गौरव है। इसे स्वच्छ और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम लगातार सफाई अभियान चला रहा है, लेकिन जनभागीदारी के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता। दीपोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपरा और एकता के प्रतीक हैं। इस बार भी दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रशासन एवं नागरिक मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दलपत सागर को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।


