14 लाख की 13 बाइक-स्कूटी बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार:फर्जी नंबर प्लेट से खुला राज; इंदौर पुलिस ने पकड़ा वाहन चोर गिरोह

इंदौर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तुकोगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 14 लाख रुपए कीमत की 13 बाइक और स्कूटी बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। इंदौर पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जोन-03, पुलिस उपायुक्त जोन-03 और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तुकोगंज निरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने 29 जनवरी 2026 को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की। जांच के दौरान बीमा ऑफिस परिसर में एक युवक बुलेट के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ और नंबर प्लेट जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई 13 दोपहिया वाहन बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी नए और महंगे वाहन चुराने के लिए पहले रेकी करते थे। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को शहर के सुनसान इलाकों, पार्किंग और ब्रिज के नीचे छिपाकर रखते थे। मौका मिलते ही एक-एक कर वाहन ले जाते थे। पकड़े गए आरोपियों में मोहित जीनवाल (23) निवासी पंचम की फेल इंदौर और प्रशांत मस्तर (18) निवासी पंचम की फेल इंदौर शामिल हैं। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 342 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *