लुधियाना| थाना डिवीजन-6 क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी पड़ोसी ने घर में अकेली बच्ची को देखकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए खुद का बचाव किया और शोर मचाया, जिससे आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 फरवरी को दोपहर करीब 1:30 बजे पेट दर्द होने के कारण वह दवा लेने गई थीं। घर पर 14 वर्षीय बेटी अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक, जो पेशे से ड्राइवर है, पानी लेने के बहाने घर पर आया और दरवाजा खटखटाने लगा। बच्ची द्वारा मना करने पर आरोपी ने जबरन दरवाजा खोल लिया। आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। बच्ची ने रोते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद मां के घर लौटने पर पीड़िता ने पूरी घटना बताई। शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन-6 पुलिस ने प्रताप नगर निवासी वरिंदर कुमार उर्फ विक्की पुत्र हरभजन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


