15 क्विंटल वजनी ट्रैक्टर हाथों से उठाकर युवक को बचाया:लखीमपुर में आधे घंटे तक दर्द से तड़पता रहा, बाहर निकला तो बेहोश हुआ

लखीमपुर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर गहरी खाई में पलट गई। ड्राइवर और उसका सहयोगी ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दोनों दर्द से तड़पने-कराहने लगे। आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े। ड्राइवर को तुरंत निकाल लिया, लेकिन उसका सहयोगी बुरी तरह फंसा था। उसका कमर की निचला हिस्सा ट्रैक्टर के नीचे दबा था। वह दर्द से तड़प रहा था। लोगों ने उसे बाहर निकालने की बहुत कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार लोगों ने ट्रैक्टर को उठाने का फैसला लिया। करीब 25 लोगों ने हिम्मत दिखाई। सभी ने मिलकर 15 क्विंटल वजनी ट्रैक्टर को हाथों से करीब 2 फीट ऊपर उठा लिया। नीचे दबे युवक को बाहर निकाल लिया। बाहर आते ही युवक बेहोश हो गया। लोग गोद में उठाकर उसे तुरंत CHC ले गए। उसकी हालत गंभीर है। मामला मझगई थाना क्षेत्र का है। ड्राइवर और उसका सहयोगी गिट्टी-मौरंग की डिलीवरी के बाद दुकान लौट रहे थे। रास्ते में अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई। पहले देखें हादसे की 3 तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला मझगई गांव निवासी बजड़ी–मौरंग व्यापारी अय्यूम खान (35) सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामान लेकर छेदुई पतिया गए थे। सामान उतारकर जब वे वापस लौट रहे थे, तो बुधवार दोपहर में मुर्गहा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में ड्राइवर अय्यूम और उसका सहयोगी अनुज कुमार (18) ट्रैक्टर के नीचे दब गए। चीख-पुकार मच गई। आसपास काम रहे लोग हादसा देखकर दौड़ पड़े। अय्यूम को करीब 5 मिनट में ही बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अनुज ट्रैक्टर के नीचे ही दबा रहा। उसकी बॉडी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच में बुरी तरह फंस गई। वह दर्द से तड़पता रहा। जल्द बाहर निकालने की गुहार लगाता रहा। करीब 25 ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह ट्रैक्टर को उठाया। आधे घंटे की मशक्कत के बाद अनुज को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद घायलों को तुरंत सीएचसी पलिया ले जाया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने अनुज की हालत गंभीर बताई। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल से घर ले आ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मामले की जांच कर रही है। “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनाई दी
बचाने वाले बल्लीपुर के विकास ने बताया- हम लोग खेत में काम कर रहे थे, तभी “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनाई दी। हम तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी और दो लोग उसके नीचे दबे थे। वहां 7–8 लोग मौजूद थे जो उन्हें निकालने की कोशिश कर रहे थे। करीब 5 मिनट में एक व्यक्ति को बाहर निकाल लिया गया। दूसरा व्यक्ति बुरी तरह फंसा हुआ था, इसलिए सड़क से गुजर रहे लोगों की मदद ली गई। उनकी मदद से ट्रैक्टर को उठाकर दूसरे व्यक्ति को भी निकाल लिया गया। सभी ग्रामीणों ने मिलकर दोनों को बचा लिया। इंस्पेक्टर राजू राव ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है, लेकिन अब तक थाने में किसी भी तरह की लिखित तहरीर या शिकायत नहीं दी गई है। ………………. ये खबर भी पढ़ें… मैरिज हॉल पर बुलडोजर चलता देख रोईं महिलाएं:चिल्लाईं- हमें बेघर कर दिया; बरेली में दूसरे दिन भी सपा नेताओं की बिल्डिंग गिराई गई बरेली में सपा नेता मो. राशिद और सरफराज वली के मैरिज हॉल पर लगातार दूसरे दिन बुलडोजर चला। करीब 10 घंटे तक दोनों की प्रॉपर्टी ढहाई गई। राशिद के मैरिज हाॅल का फ्रंट हिस्सा तोड़ दिया गया। सरफराज के मैरिज हॉल की बाउंड्री और आगे का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा गिराया गया। दूसरे दिन की कार्रवाई बुधवार की शाम करीब छह बजे रोक दी गई। अब इन दोनों जगह पर आगे बुलडोजर नहीं चलेगा। दोनों मैरिज हॉल अगल-बगल बने हैं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *