लुधियाना| ज्यूडिशियल स्टाफ और वकीलों में मारपीट व विवाद के बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। ज्यूडिशियल स्टाफ ने 5 नामजद और 150-200 अज्ञात वकीलों पर मुकदमा दर्ज कराया है जबकि वकीलों ने कोर्ट स्टाफ पर भी केस दर्ज कराया है। वहीं, जिला बार एसोसिएशन ने घटना को लेकर हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। इस घटना से गुस्साए वकीलों ने मंगलवार को भी अदालत में काम नहीं किया जिसके चलते अदालतों ने भी केसों में अगली तारीखें डाल दी। दोपहर को वकीलों ने मीटिंग कर सीपी दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन का फैसला लिया लेकिन शाम को पुलिस ने इस मामले में क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने वकीलों की शिकायत पर चार-पांच लोगों के खिलाफ धारा 127(2),126(2), 115(2),351(3) और 299 बीएनएस के तहत दर्ज किया। वहीं, शाम को पुलिस ने पांच वकीलों को नामजद कर 150-200 अज्ञात वकीलों पर भी मुकदमा दर्ज किया है। दोनों पक्षों के विरुद्ध मामला दर्ज होने पर अब यह मामला और गहरा गया है।


