16वीं विधानसभा का 5वां सत्र:बजट सत्र आज से, डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट और चुनाव के विधेयक लाएगी सरकार, हंगामेदार रहेगा सत्र

सोलहवीं राजस्थान विधानसभा का पांचवां सत्र बुधवार से शुरू होगा। बुधवार सुबह 11 बजे राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के अभिभाषण सत्र की शुरुआत होगी। 29 जनवरी से अभिभाषण पर बहस होगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर तीन से चार दिन चर्चा होगी। फिर एक सप्ताह का अवकाश रह सकता है। सदन में राज्य का बजट 11 फरवरी को रखा जाएगा। इस बार 16 से अधिक मुद्दों को लेकर टकराव होने से सत्र भारी हंगामी रहने के आसार हैं। सत्र को लेकर दोनों दलों ने पार्टी विधायक दल की बैठकें बुलाई है। इसमें सत्र में पार्टी की रणनीति तय की जा रही है। इस बार बजट सत्र करीब 3 सप्ताह चलने की संभावना है। इसमें डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट, पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों के चुनावों को लेकर विधेयक पेश हो सकते हैं। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई। इसमें तय हुआ कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास और विधानसभा के प्रमुख सचिव विधानसभा पहुंचने पर राज्यपाल बागड़े का स्वागत करेंगे। बैठक में सदन को परंपराओं से चलाने, गरिमा बनाए रखने, सम्मानजनक शब्दों के प्रयोग पर स्पीकर ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि सदन को चलाने की जिम्मेदारी सोलहवीं विधान सभा के सभी पक्ष एवं प्रतिपक्ष सदस्यों की है। मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि सर्वदलीय बैठक के दूरगामी सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे। बैठक में सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान, मनोज कुमार, डॉ. सुभाष गर्ग व थावरचंद मौजूद थे। जूली ने कहा- विपक्ष उठाए उस मुद्दे का सरकार जवाब दे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि हमने बैठक में विषय रखा की विपक्ष की तरफ से जो भी मुद्दा उठाया जाए उसको लेकर सरकार जवाब दे। जवाब जैसा सरकार चाहे वह दे लेकिन उसका जवाब तो कम से कम दिया जाए। प्रदेश का किसान युवा गरीब, महिलाएं सब देखते हैं कि विधानसभा में क्या बात हो रही है। बैठक के नतीजे अच्छे आने चाहिए। नहीं तो वही घोड़े और वही मैदान है। कैमरे को लेकर जो विपक्ष का मुद्दा था उस पर भी विपक्ष की तरफ से स्पीकर के सामने बात रखी गई है। डिस्टर्ब एरिया बिल लाकर राजस्थान की जो छवि थी उसको धूमिल करने के प्रयास किया जा रहे हैं। राजस्थान में भी दंगे होते हैं। दंगे किन लोगों ने कारण यह सब जानते हैं। यह बिल क्यों ला रहे और लाने की मंशा क्या है? इसका परिणाम आने वाले समय में आपको नजर आएगा। 96% सवालों के जवाब मिले
पिछले सत्रों के 96 प्रतिशत प्रश्नों के जवाब राजस्थान विधानसभा को प्राप्त हो गए हैं। स्पीकर ने कहा कि आगे भी समय पर प्रश्नों के जवाब मंगाए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सदन में समितियों की रिपोर्ट समय पर मंगाई जाएगी। सदन का प्रश्न और शून्यकाल महत्वपूर्ण होता है। इन दोनों समय में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। सदन में अपनी-अपनी बात रखने के लिए पक्ष व प्रतिपक्ष के सभी सदस्यों की भावना एक समान होती है। पहले दिन यह होगा
पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन में दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसी के साथ सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। बुधवार को ही सदन की कार्य सलाहकार समिति की बैठक होगी। इसमें पूरे बजट सत्र के एजेंडे और कार्यसूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुधवार शाम 7 बजे होगी। बैठक में सत्र की रणनीति तय की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *