16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर दिलाई मतदाता शपथ:सभी को मतदान के लिए प्रेरित करने का लिया संकल्प, जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का हुआ सम्मान

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) श्री गौरव अग्रवाल ने की। इस अवसर पर उन्होंने निर्वाचन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलवाई तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि प्रतिवर्ष 25 जनवरी को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें हमारे संवैधानिक अधिकारों एवं लोकतांत्रिक कर्तव्यों की स्मृति कराता है। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, अपितु राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन भी है। किसी भी प्रकार के प्रलोभन, भय अथवा दबाव से मुक्त होकर सत्य एवं विवेक के आधार पर किया गया मतदान ही सशक्त लोकतंत्र की वास्तविक पहचान है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अधिकाधिक नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करें तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं सशक्त नागरिक समाज के निर्माण में योगदान दें। कार्मिकों को किया सम्मानित इस अवसर पर मतदाता जागरूकता, निर्वाचन कार्यों के सफल संचालन एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, कार्मिकों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त ज्ञानेश कुमार के वीडियो संदेश का वर्चुअल माध्यम से प्रसारण किया गया, जिसमें मतदाता सहभागिता बढ़ाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राजकीय महिला महाविद्यालय, प्रताप नगर की बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा नेहा सोलंकी ने भी मतदान का महत्व एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब की प्रणाली के सम्बन्ध में जानकारी दी। नव मतदाता को लगाए गए बैज कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 6 नवनियुक्त पंजीकृत युवा मतदाताओं को बैज भी लगाया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचन साक्षरता क्लब कॉलेज(सरकारी व निजी) एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब विद्यालय(सरकारी व निजी) को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र, मोमेंटों शोल प्रदान कर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले महाविद्यालयों, ईआरओ, एईआरओ, तकनीकी, सुपरवाइजर व बीएलओ को किया सम्मानित इनको किया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान ईएलसी महाविद्यालय की श्रेणी में राजकीय महाविद्यालय, चौहाबो प्रथम पुलिया की संस्था प्रधान डॉ. अरूण व्यास व स्कूल ईएलसी प्रभारी सहायक आचार्य डॉ. महिमा गुप्ता तथा महिला पी.जी. महाविद्यालय प्रताप नगर बस स्टेण्ड की संस्था प्रधान व स्कूल ईएलसी प्रभारी डॉ. मनोरमा उपाध्याय को सम्मानित किया गया। साथ ही ईएलसी विद्यालय की श्रेणी में बालेसर की महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बालेसर दुर्गावता के प्रधानाचार्य पुरूषोत्तम कुमार दहिया व स्कूल ईएलसी प्रभारी सुमेर बोरावट(अध्यापक) तथा पीपाड़ शहर के निजी विद्यालय एक्सीलेन्ट पब्लिक बाल उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीपाड़ शहर के प्रधानाचार्य कैलाश व स्कूल ईएलसी प्रभारी ताज मोहम्मद(अध्यापक) को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ईआरओ की श्रेणी में ओसियां के एसडीएम श्री रामनिवास मेहता तथा एईआरओ की श्रेणी में 126-भोपालगढ़ के एसडीएम जवाहर राम चौधरी, 125-ओसियां के तहसीलदार श्री कृष्ण इनकिया व सीबीईओ श्रवण नरवल, सुपरवाईजर की श्रेणी में 126-भोपालगढ़ के जगदीश, 125-ओसियां के पुरखाराम, हापुराम, छेलप्रताप सिंह भाटी व ज्ञानसिंह भाटी को सम्मानित किया गया। इसी के साथ बीएलओ की श्रेणी में 124-शेरगढ़ के दिनेश प्रजापत, 125-ओसियां के राम कृष्ण गहलोत, 126-भोपालगढ़ के गजेन्द्र चौधरी, कृष्ण सोऊ, धन्नाराम नायल, 130-लूणी के जितेन्द्र इणानिया व 131-बिलाड़ा के घनश्याम पुरोहित को सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में तक्नीशियन की श्रेणी में जिला निर्वाचन कार्यालय के तक्नीशियन लवनीत निर्बाण को, सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र के शुभंकित जावा (सहायक कर्मचारी), सूरसागर विधानसभा क्षेत्र के पुखराज सोलंकी (सूचना सहायक) व लूणी विधानसभा क्षेत्र के श्री मनीष परसोइया(सूचना सहायक) को सम्मानित किया गया। ये रही उपस्थित कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर – प्रथम) जवाहर चौधरी, जिला परिषद के सीईओ आशीष कुमार मिश्रा, नगर निगम उपायुक्त मोहनलाल, एडीएम (द्वितीय) सुरेंद्र राजपुरोहित सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह का समापन उप जिला निर्वाचन अधिकारी चौधरी के राष्ट्र निर्माण में मतदाता सहभागिता की भूमिका को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ किया गया। बीएलओ को किया सम्मानित वहीं, सूरसागर विधानसभा क्षेत्र का श्री बंशीधर पुरोहित राउमावि विद्यासाला में समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि तहसीलदार राकेश जैन ने सूरसागर विधानसभा के 13 सुपरवाइजर एवं बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में तहसीलदार राकेश जैन ने सूरसागर विधानसभा के भाग संख्या 61 के बीएलओ देवेंद्र सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *