भरतपुर में एक 16 साल की नाबालिग से दो युवकों ने गैंगरेप किया। दोनों नाबालिग को घर से बहला-फुसलाकर ले गए, फिर बंधक बनाकर उसके साथ दरिंदगी की। आरोपियों ने नाबालिग के अश्लील फोटो वीडियो भी बनाए, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह मासूम को ब्लैकमेल कर रहे थे। पीड़िता के पिता ने सोमवार की शाम करीब 5 बजे रुदावल थाने में मामला दर्ज करवाया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नाबालिग के पिता ने थाने में शिकायत देते हुए बताया कि 22 फरवरी की रात मेरी 16 साल की नाबालिग बेटी घर पर सो रही थी। रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर शैलेन्द्र, विनीत निवासी सिंघनिया थाना रुदावल मेरे घर पर आए और मेरी बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। दोनों आरोपी नाबालिग को ब्रह्वाद मेले वाली जगह पर एक धर्मशाला में ले गए, जहां उसे बंधक बना लिया। वहां दोनों ने नाबालिग से गैंगरेप किया। रिपोर्ट में पिता ने बताया कि इससे पहले 2 फरवरी को भी शैलेन्द्र और विनीत नाबालिग को इसी तरह ले गए थे। तब भी दोनों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। उन्होंने नाबालिग के अश्लील वीडियो फोटो भी बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह नाबालिग को ब्लैकमेल कर रहे थे। 22 फरवरी को नाबालिग घर पहुंची तो उसने घटना के बारे में परिजनों को नहीं बताया। देर रात अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उसने सारी घटना के बारे में बताया। एडिशनल एसपी हरि राम कुमावत ने बताया कि नाबालिग के पिता के शिकायत देने के बाद पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल स्थल का जायजा लिया गया है। आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। मंगलवार को पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया जाएगा। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर


