17.35 करोड़ की लागत से 27 किमी सीवर लाइन बनेगी:महापौर-विधायक ने किया भूमिपूजन, 19 हजार लोगों को मिलेगी सुविधा

सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत कई विकास काम तेजी से संचालित किए जा रहे है। इसी कड़ी में रविवार को राऊ विधानसभा के वार्ड क्रमांक 79 में 17.35 करोड रुपए की लागत से 27 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाने के काम का भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मधु वर्मा ने किया। महापौर ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के पैकेज-4 के अंतर्गत राऊ विधानसभा क्षेत्र में 250 से 700 मि.मी. व्यास की 27 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाने का काम प्रस्तावित है। यह परियोजना क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए काफी आवश्यक है। इस परियोजना से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को जल-मल निकासी से जुड़ी समस्याओं से स्थायी समाधान मिलेगा, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। महापौर ने बताया कि प्रस्तावित काम का वित्त पोषण भारत सरकार, राज्य सरकार एवं नगर निगम इंदौर द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा और इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगामी 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। काम पूरा होने के बाद राऊ क्षेत्र के निवासियों को सीवरेज नेटवर्क का बेहतर और दीर्घकालीन लाभ प्राप्त होगा। विधायक मधु वर्मा ने कहा कि राऊ विधानसभा के समग्र विकास के लिए अधोसंरचनात्मक कामों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सीवर लाइन का यह विस्तार काम स्थानीय लोगों की एक महत्वपूर्ण मांग था, जिसके पूरा होने से वार्ड क्रमांक 79 के सुख निवास, अहिरखेड़ी, कुंदन नगर, विदुर नगर, आकाश नगर, चित्रकूट नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 19 हजार लोग लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के दौरान महापौर परिषद सदस्य अभिषेक शर्मा बबलू, पार्षद लक्ष्मी संजय वर्मा, जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *