रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में जनदर्शन, कॉल सेंटर से आई शिकायतें, लंबित राजस्व प्रकरण, डीईएएफ (DEAF) और निष्क्रिय बैंक खातों सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि 1 जनवरी से सभी अधिकारी और कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करना जरूरी है। फील्ड में जाने से पहले और लौटने के बाद भी उपस्थिति लगानी होगी। उन्होंने बताया कि अब गोपनीय प्रतिवेदन (सीआर) पूरी तरह डिजिटल होगा और विभागों के काम का आकलन लक्ष्य और प्रगति के आधार पर किया जाएगा। 18 साल से कम उम्र वालों का बनेगा आधार कार्ड उन्होंने 18 वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जनदर्शन में मुख्यमंत्री और कलेक्टर जनदर्शन से मिली शिकायतों का समय पर और सही तरीके से समाधान करने को कहा। कॉल सेंटर से आई लंबित शिकायतों को भी जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. सिंह ने सभी विभागों को डीईएएफ और निष्क्रिय बैंक खातों के मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीएफओ लोकनाथ पटेल सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


