19 जनवरी की जगह अब 2 फरवरी को होगी एनएमएमएसएस व पीएसटीएसई की संयुक्त परीक्षा, 40 % अंक हासिल करने होंगे

भास्कर न्यूज | लुधियाना शिक्षा विभाग द्वारा नेशनल मींस कम मैरिट स्कॉलरशिप स्कीम(एनएमएमएसएस) और पंजाब स्टेट टेलेंट सर्च एग्जामिनेशन(पीएसटीएस ई) का आयोजन अब 19 जनवरी के बजाए 2 फरवरी, 2025 को किया जाएगा। स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च व ट्रेनिंग(एससीईआरटी) द्वारा नोटिफिकेशन जारी किया गया है। जिसमें पंजाब सबॉर्डिनेट सर्विस सलेक्शन बोर्ड(पीएसएसएसबी) की 19 जनवरी को होने वाली परीक्षाओं को देखते हुए तारीख में बदलाव किया गया है। स्कॉलरशिप की इस परीक्षा के तहत आठवीं क्लास के लिए नेशनल मींस कम मैरिट स्कॉलरशिप स्कीम(एनएमएमएसएस) और पंजाब स्टेट टेलेंट सर्च एग्जामिनेशन(पीएसटीएस ई) की संयुक्त परीक्षा आयोजित होगी। जबकि दसवीं क्लास के लिए पंजाब स्टेट टेलेंट सर्च एग्जामिनेशन(पीएसटीएस ई) की परीक्षा होगी। परीक्षा तीन घंटे की होगी। इसमें उम्मीदवारों को कुल 180 सवालों का जवाब देना होगा। एग्जाम के लिए जिला स्तर पर एग्जामिनेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। हर सवाल का एक अंक होगा। एग्जाम में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है। दिव्यांग स्टूडेंट्स के लिए एंट्रेंस एग्जाम में आधा घंटे का समय अतिरिक्त दिया जाएगा। एग्जाम में मेंटल एबिलिटी टेस्ट(एमएटी) और स्कॉलिस्टिक एबिलिटी टेस्ट(एसएटी) से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। दोनों में 90-90 सवाल होंगे। इसे पास करने के लिए दोनों टेस्ट में 40 फीसदी अंक हासिल करने होंगे। एससी, एसटी के स्टूडेंट्स के लिए 32 फीसदी अंक हासिल करना जरुरी है। हालांकि स्टूडेंट्स को टेस्ट पास करने के बाद आठवीं की फाइनल परीक्षा में न्यूनतम 55 फीसदी अंक(एससी,एसटी के लिए 5 फीसदी की राहत होगी) हासिल करने जरुरी हैं। एनएमएमएसएस स्कीम के लिए स्टूडेंट्स को अगले अकेडेमिक सेशन के दौरान नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर रजिस्टर करवाना होगा। वहीं, दसवीं क्लास के लिए होने वाले पंजाब स्टेट टेलेंट सर्च एग्जामिनेशन के लिए आठवीं के 500 और दसवीं के 500 स्टूडेंट्स का चुनाव किया जाएगा। जिन्हें बारहवीं तक हर महीने दो सौ रुपये की स्कॉलरशिप हासिल होगी। इस स्कीम के तहत चुनाव होने पर स्टूडेंट्स को अन्य स्कॉलरशिप का लाभ मिलता रहेगा। हालांकि नेशनल टेलेंट सर्च एग्जामिनेशन(एनटीएसई) के तहत चुने जाने पर स्कॉलरशिप हासिल नहीं होगी। एनएमएमएसएस की तरह स्टूडेंट्स को लिखित परीक्षा में अपीयर होना होगा और इसके लिए भी एमएटी और एसएटी के सवालों का जवाब देना होगा। जिसमें जनरल श्रेणी के लिए 40 फीसदी और एससी, एसटी के लिए 32 फीसदी अंक हासिल करना जरुरी है। विभाग द्वारा सभी स्कूलों को योग्य स्टूडेंट्स को इस टेस्ट के लिए अप्लाई करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे कि मैरिटोरियस स्टूडेंट्स वजीफा हासिल कर सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *