अजमेर के धोलाभाटा क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी करते हुए दो चोरों को क्षेत्रवासियों ने पकड़ लिया। चोरों को पकड़े जाने की सूचना पर भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। क्षेत्रवासियों ने दोनों चोरों को रस्सी से बांधकर उनकी पिटाई कर दी। मामले की सूचना मिलने पर अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया। अलवर गेट थाना पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। रस्सी से बांधकर चोरों को पीटने का वीडियो शनिवार को सामने आया है। सबसे पहले देखें 2 तस्वीरें….. धोलाभाटा राधा कृष्ण मंदिर निवासी ललित कुमार ने बताया कि उसके घर में ही ललित जनरल स्टोर के नाम से दुकान है। शुक्रवार को दोपहर में एक व्यक्ति ने दुकान में घुसने की कोशिश कर रहा था जिसे उसकी पत्नी ने देख लिया। पत्नी के चिल्लाते ही चोर वहां से भाग गया। इसके बाद पत्नी के द्वारा उसे सूचना दी गई। पीड़ित ने बताया कि वह सूचना मिलने पर घर पहुंचा और आसपास चेक किया तो कुछ दूर भरोसा फैक्ट्री के पास मोटर चुराते हुए दो चोरों को क्षेत्र के लोगों ने पकड़ लिया था। पीड़ित ललित ने मामले की शिकायत अलवर गेट थाने में दी है। रस्सी से बांधकर पीटा अलवर गेट क्षेत्र में चोरी करते हुए पकड़े गए तो चोरों का सोशल मीडिया पर शनिवार को वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में स्थानीय लोग दोनों चोरों को पकड़ कर रस्सी से बांधकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान अलवर गेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अलवर गेट थाना प्रभारी नरेंद्र जाखड़ ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों संदिग्ध व्यक्ति नशे में थे। जिन्हें शांति भंग में गिरफ्तार किया गया। शिकायत मिलने पर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


