2 माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आए नवदीप-सुखपाल फिर करने लगे तस्करी

भास्कर न्यूज | अमृतसर एसएसओसी के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने वीरवार को 5 किलो हेरोइन के साथ पकड़े गए चारों तस्करों को अदालत में पेश किया। आरोपियों का 5 दिन का रिमांड मिला है। अभी तक पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। आरोपियों में शामिल नवदीप सिंह और सुखपाल सिंह पर पहले भी तस्करी के केस हैं और कई बार जेल जा चुके हैं। करीब 2 माह पहले ही आरोपियों को 160 ग्राम हेरोइन के साथ थाना घरिंडा पुलिस ने काबू किया था। दोनों जमानत पर बाहर आकर फिर हेरोइन तस्करी में लग गए। इनके साथ पकड़े गए सुखचैन सिंह और आकाशदीप सिंह भी जुड़ गए। आरोपियों को एक किलो हेरोइन सप्लाई के बदले एक लाख रुपए मिलने थे। यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के ज​रिए बार्डर के साथ लगते गांव राजाताल के नजदीक पड़ती पोस्ट भरोपाल के पास फेंकी गई थी। झाड़ियों में फेंकी गई खेप को ही उक्त चारों तस्कर लेने के लिए पहुंचे तो उन्हें दबोच लिया गया। फिलहाल आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने मोबाइल फोन भी बरामद किए है और उनकी जांच करने पर पता चला कि उक्त आरोपी पाक तस्करों के संपर्क में थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने अभी तक करीब 15 बार हेरोइन की खेप इधर-उधर की है। आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन की जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तानी तस्करों के सीधे संपर्क में थे। वहीं से उन्हें खेप भेजी जाती थी और लोकेशन शेयर कर रिसीव करने के निर्देश दिए जाते थे। बता दे कि काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने बुधवार को उक्त चारों तस्करों को गांव घन्नूपुर काले के पास साड्डा पिंड के पास से गिरफ्तार किया था। यह आरोपी 2 मोटर साइकिलों पर सवार होकर खेप देने के लिए जा रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त तस्कर हेरोइन की खेप पंजाब के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *