2 साल के मासूम की बाल्टी में डूबने से मौत:मां ने नहाने के लिए भरा था पानी, खेलते-खेलते सिर के बल गिरा बच्चा

पानी से भरी बाल्टी में डूबने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई। मां नहाने के लिए पानी की बाल्टी भरकर गई थी। मां किसी काम में व्यस्त हो गई। इस बीच बच्चा खेलते-खेलते सिर के बल बाल्टी में गिर गया। मां लौटी तो बेटे को बाल्टी में उल्टा गिरा देख चीख पड़ी। उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला किशनगढ़ (अजमेर) के बरना गांव का शुक्रवार सुबह 7 बजे का है। हॉस्पिटल चौकी के इंचार्ज कॉन्स्टेबल भागचंद ने बताया- परिजन बच्चे को लेकर आए थे। बच्चे की मौत के बाद उन्होंने कोई भी कार्रवाई करने से मना कर दिया। बिना पोस्टमॉर्टम के बच्चे की बॉडी अपने साथ ले गए। दोनों बच्चों के साथ पीहर आई थी मां
जानकारी के अनुसार, बरना गांव निवासी पिंकी की शादी 6 साल पहले गगवाना गांव के रहने वाले पिंटू से हुई थी। पिंटू गगवाना इलाके में मजदूरी करता है। उनके 2 बेटे यशवंत (5) और केशव (2) हैं। पिंकी दोनों बेटों के साथ पीहर आई हुई थी। पिंकी के भाई राजू ने बताया- पीहर में किसी का ऑपरेशन होने के कारण पिंकी 10 दिसंबर को दोनों बच्चों को लेकर बरना आई थी। शुक्रवार सुबह नहाने के लिए बाल्टी में पानी भरकर पिंकी किसी काम में व्यस्त हो गई। इतने में केशव खेलते-खेलते पानी से भरी बाल्टी की तरफ चला गया और उसमें सिर के बल गिर गया। पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। राजू ने बताया- परिजन केशव को बाल्टी से निकाल कर किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही कोहराम मच गया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई करवाए शव को गगवाना ले गए। जानकारी के अनुसार, राजू का परिवार भी मजदूरी कर पालन-पोषण करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *