भास्कर न्यूज| धमतरी गंगरेल के मचानहाट व मानव वन में मरादेव के करीब 40 ग्रामीणों से वन विभाग ने मजदूरी कराई। सभी मजदूरों को 2 साल बाद भी राशि का भुगतान नहीं किया गया। रेंजर मजदूरों को 2 साल से सिर्फ आश्वासन ही दे रहा, जबकि डीएफओ से शिकायत के बाद भी राशि नहीं मिली। सभी मजदूर बुधवार को कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे। मरादेव विकास समिति अध्यक्ष छबिलाल उइके, दिलीप साहू, अगस सलाम, अशोक मरकाम, प्रीतम ध्रुव, घसिया यादव, रामा विश्वकर्मा आदि ने बताया कि वन विभाग द्वारा मचानहाट में गांव के 40-50 मजदूरों से काम लिया गया। सभी मजदूरों ने करीब 40 दिन तक काम भी किए। कुछ लोगों को काम करने थोड़ी राशि मिली है, जबकि कई लोगों को राशि ही नहीं मिली है। सभी ने फरवरी 2023 में काम किए थे। 2 साल बीत गया है। सभी मजदूरों का करीब 5 लाख रुपए भुगतान होना है। राशि के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। रेंजर 2 साल से आश्वासन दे रहा है। माहभर पहले डीएफओ से शिकायत की गई थी। 15 दिन का आश्वासन भी उन्होंने दिया था।