सतना जिला अस्पताल की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की दो साल बाद हुई बैठक में कार्यकर्ताओं के मानदेय में केवल 40 रुपए की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही समिति के कार्यकर्ताओं को अब नीले रंग की वर्दी और जैकेट दी जाएगी। बुधवार को कलेक्टर अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित आरकेएस की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों से ओपीडी शुल्क नहीं लिया जाएगा। 53 कार्यकर्ताओं को अब मिलेगा 370 रुपये प्रतिदिन साल 2021 में कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सतना ज्वाइन करने के बाद आरकेएस की पहली बैठक ली थी। उस समय उन्होंने कार्यकर्ताओं के मानदेय को 295 रुपए से बढ़ाकर 330 रुपए किया था। इसके बाद दो साल तक कोई बैठक नहीं हुई। बुधवार को आयोजित बैठक में मानदेय में 40 रुपए की वृद्धि कर इसे 370 रुपए प्रतिदिन कर दिया गया। इसके अलावा 53 कार्यकर्ताओं को ब्लू कलर की वर्दी और जैकेट प्रदान की जाएगी। 3 साल में 2 करोड़ के फायदे में है समिति बैठक में पिछले तीन साल का आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। सिविल सर्जन डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि 2022 से 2025 तक समिति को कुल 6 करोड़ 87 लाख 32 हजार 864 रुपये की आय हुई है। वहीं, इस अवधि में समिति का कुल खर्च 4 करोड़ 83 लाख 52 हजार 943 रुपए रहा। इस प्रकार समिति 2 करोड़ रुपए के फायदे में है। बैठक में जिला अस्पताल भवन की पुताई और मरम्मत के प्रस्ताव पर भी सहमति दी गई।


