विदिशा के बायपास स्थित सत्य बेयर हाउस में हुई फसल चोरी का मामला सिविल लाइन पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह चोरी 7 जनवरी को हुई थी, जब चोरों ने बेयर हाउस में सेंध लगाकर लगभग 30 क्विंटल अनाज चुरा लिया था। चोरी की गई फसल में 20 क्विंटल गेहूं, 5 क्विंटल सोयाबीन और 5 क्विंटल चना शामिल था। घटना के बाद वेयर हाउस संचालक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंची। सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजा, मोहन, मंटी और संदीप के रूप में हुई है। ये सभी विदिशा के निवासी हैं। थाना प्रभारी ने आगे बताया कि सभी आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


