नगर निगम ने उदयपुर शहर के साइंस कॉलेज सेवाश्रम तक की मुख्य सड़क किनारे 20 पथ विक्रेताओं को मंगलवार की रात को हटाया। उनको वहां से वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया। साथ ही पाबंद किया कि अब वे जिस जगह उनको शिफ्ट किया वहीं रहे। कुम्हारों का भट्टा स्थित साइंस कॉलेज नोन वेंडिंग जॉन में खड़े सभी 20 सर्वेक्षित स्ट्रीट वेंडर्स को अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम के सामने ओरियंटल पैलेस वाली गली वेडिंग जोन में सर्वसम्मति से शिफ्ट किया गया। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि शहर में ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित किया गया है जो नॉन वेंडिंग जोन घोषित है लेकिन वहां पर पथ विक्रेता अपना व्यवसाय कर रहे हैं। ऐसे सभी पथ विक्रेताओं के रोजगार को यथावत रखते हुए उन्हें समझाइश द्वारा वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने की सकारात्मक पहल शुरू की गई है, जिससे नॉन वेंडिंग जोन में होने वाली समस्याओं को आसानी से दूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि पिछले कई समय से मुख्य मार्गो एवं प्रमुख चौराहों पर पथ विक्रेताओं के कारण सुचारू यातायात संचालन में कई तरह की समस्या हो रही है इसी समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से निगम द्वारा नए वेंडिंग जोन चिन्हित किए गए। अब धीरे धीरे पथ विक्रेताओं को इन स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा। आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि इससे पहले भी नगर निगम द्वारा सौहार्दपूर्ण ढंग से पथ विक्रेताओं को वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने का कार्य किया गया है। समोर बाग एवं चिकित्सालय के बाहर से पत्र विक्रेताओं को वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया गया था जिससे वहां की व्यवस्था में काफी सुधार हैं। साइंस कॉलेज के पास कार्रवाई के दौरान जिला परियोजना अधिकारी ज्योति बाला पंवार, मुकेश कुमार कीर, हेमंत घारू, शहनाज़ खान आदि उपस्थित रहे।


