शिक्षा सत्र 2025-26 के तहत इस माह 20 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी। कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जिले के कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों से अपील की है कि 20 फरवरी से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं, जो विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा बोर्ड परीक्षा किसी भी छात्र की काबिलियत की अंतिम कसौटी नहीं होती, यह केवल तैयारी, अनुशासन और धैर्य की परीक्षा है। प्रत्येक विद्यार्थी किसी न किसी विशेष प्रतिभा के साथ जन्म लेता है, अपनी प्रतिभा को पहचानें और लगन एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करते हुए शांत मन से परीक्षा दें, सफलता अवश्य मिलेगी। विद्यार्थियों से कहा कि इस समय शांत रहना और खुद पर विश्वास बनाए रखना जरूरी है, जो विद्यार्थी शांत मन से परीक्षा देता है, वही सही उत्तर लिख पाता है। घबराहट, डर और आत्म-संदेह से दूर रहकर पूरे आत्मविश्वास से प्रश्नों को हल करें। तनाव को छोड़कर अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और पूरे मन से परीक्षा दें। कलेक्टर ने पालकों से कहा कि इस समय परीक्षा केवल बच्चों की नहीं, बल्कि माता-पिता की भी है। बच्चों को अंकों के दबाव में न रखें, बल्कि उनका आत्मविश्वास बढ़ाएं। डांट की जगह संवाद करें, तुलना की जगह भरोसा दें। यदि बच्चा चुप है, तो उसे डांटिए नहीं, उसके पास बैठिए और उसका मन समझिए। परीक्षा पे चर्चा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के तहत बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों को तनावमुक्त, निर्भिक और आत्मविश्वासी बनाने 6 फरवरी को संबोधित किया जाएगा। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सभी शासकीय शैक्षणिक संस्थानों को इसके ऑनलाइन प्रसारण के पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है।


