भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर के पॉश इलाके सराभा नगर स्थित सरकारी न्यू हाई स्कूल पर पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से कोर्ट में चल रहे मामले के फैसले के बाद स्कूल पर करीब 20 लाख रुपये का बिजली बकाया खड़ा हो गया था। बकाया राशि जमा न होने के चलते पीएसपीसीएल की टीम ने स्कूल का बिजली कनेक्शन काट दिया, जिससे स्कूल परिसर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। जानकारी के अनुसार, न्यू हाई स्कूल लुधियाना के सबसे पुराने शैक्षणिक संस्थानों में से एक है। यह कार्रवाई न्यू हाई स्कूल की सराभा नगर ब्रांच में की गई है। सूत्रों के मुताबिक, न्यू हाई स्कूल की प्रबंधन कमेटी को पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के करीबी माने जाते सुनील मडिया मंत्री, उनके बेटे तथा अन्य रिश्तेदारों और करीबियों द्वारा संचालित किया जा रहा था। स्कूल के फंड में कथित घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से पहले ही सुनील मडिया और उनकी टीम पर मामला दर्ज किया जा चुका है। अब बिजली कनेक्शन काटे जाने को प्रशासन की एक और बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। इस मामले को लेकर जब सराभा नगर सब-डिवीजन के एक्सईएन से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि स्कूल पर लगभग 20 लाख रुपये का बकाया था, जिसके चलते विभाग ने नियमानुसार बिजली कनेक्शन काट दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से करीब 7 लाख की राशि जमा करवाने की जानकारी दी गई है, लेकिन अभी तक वह भुगतान विभागीय सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ है। एक्सईएन के अनुसार, बकाया राशि और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। फिलहाल बिजली कनेक्शन कटने से स्कूल प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं।


