2026 ‘कृषि वर्ष’ घोषित, सीहोर में चलेगा कृषि रथ:किसानों को मिलेगी नवीन तकनीक और योजनाओं की जानकारी

सीहोर में वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर किसानों को कृषि से संबंधित नवीन तकनीकों, योजनाओं और नवाचारों की जानकारी देने के उद्देश्य से जिले में ‘कृषि रथ’ का संचालन किया जाएगा। यह अभियान रबी सीजन के दौरान प्रत्येक विकासखंड में चलाया जाएगा। कलेक्टर बालागुरु के. ने मंगलवार को कृषि विभाग के अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार कृषि रथों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पराली प्रबंधन जैसी जानकारियां किसानों को देंगे
कृषि रथ के माध्यम से किसानों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इनमें जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, उन्नत बीज एवं कीट-रोग प्रबंधन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, फसल विविधीकरण, कृषि आधारित उद्यमिता, ई-तकनीक से जुड़ी योजनाएं और पराली प्रबंधन जैसी जानकारियां भी किसानों तक पहुंचाई जाएंगी। अभियान की शुरुआत जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर की जाएगी। क्रियान्वयन समितियां निगरानी करेंगी
इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में और विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में क्रियान्वयन समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों का मुख्य कार्य रथों का संचालन, कार्यक्रमों का निर्धारण और अभियान की निगरानी करना होगा। प्रत्येक कृषि रथ के साथ एक तकनीकी दल भी रहेगा। इस दल में कृषि विभाग के अधिकारी और विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो गांवों में जाकर किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। कृषि रथ अभियान की दैनिक प्रगति की निगरानी जिला स्तर पर की जाएगी। व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। इस अभियान से किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि, किसानों की आय में सुधार और कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *