सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एक जनवरी से किसानों को खाद वितरण के लिए लागू होने वाली ई-टोकन व्यवस्था की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यह बात जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक के दौरान कही। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ई-टोकन प्रक्रिया के सुचारू क्रियान्वयन के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद मिल सके। बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा वाले पत्रों के निराकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं, उनके कल्याण और विकास कार्यों से जुड़े इन पत्रों का गंभीरता और प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित मामलों की समीक्षा की और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर वंदना राजपूत, एसडीएम तन्मय वर्मा, स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर जमील खान सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।


