सीहोर | मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया की मौजूदगी में मंगलवार को जिला कार्यालय में समीक्षा और कार्ययोजना बैठक हुई। बैठक का संचालन वरिष्ठ संयुक्त संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मप्र एवं ओआईसी सीहोर ने किया। इसमें सिविल सर्जन, डीएचओ-1 और 2, सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी, विकासखंड मेडिकल ऑफिसर्स, बीपीएम, बीसीएम और बीएएम सहित सभी संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की जरूरतों के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं, वित्तीय प्रावधानों, मानव संसाधन, उपकरणों और मोबिलाइजेशन का आकलन कर सूक्ष्म कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार निर्देशों की जानकारी दी गई। जरूरी सुझाव भी दिए गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रहे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एसएनसीयू, एनसीडी, परिवार कल्याण, राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, आयुष्मान भारत निरामयम, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, आईडीएसपी, राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण, टीकाकरण कार्यक्रम, एनक्यूएएस/ कायाकल्प, सीएम हेल्पलाइन जैसी सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।


