214 स्कूलों के 292 बच्चों ने साइंस फिक्शन मॉडल का प्रदर्शन किया, विजेता पुरस्कृत

भास्कर न्यूज| बाड़मेर जिला स्तरीय स्किल एग्जीबिशन कम प्रतियोगिता में इस बार किताबी ज्ञान धरातल पर उतरता नजर आया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और तकनीकी कौशल से ऐसे मॉडल तैयार किए जो भविष्य में आने वाली बड़ी समस्याओं का समाधान बन सकते हैं। प्रदर्शनी में नन्हे वैज्ञानिकों ने एआई, सेंसर तकनीक और ग्रीन एनर्जी का काफी तालमेल दिखाया। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 214 स्कूलों से आए 292 बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए साइंस फिक्शन मॉडल को देख मुख्य अतिथि और शिक्षा अधिकारी भी दंग रह गए। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद एवं कार्यालय एडीपीसी समग्र शिक्षा के तत्वावधान में गुरुवार को गांधी चौक स्थित मुभीछा राउमावि में जिला स्तरीय स्किल एग्जीबिशन कम प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर की 214 स्कूलों के लगभग 292 विद्यार्थियों ने 15 ट्रेडस में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, टूरिज्म, हेल्थ केयर, कंस्ट्रक्शन, एग्रीकल्चर, रिटेल, मल्टीमीडिया, फूड प्रोसेसिंग, परिधान निर्माण और बैंकिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) तनुराम राठौड़ ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि वर्तमान युग में शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान या परीक्षा पास करना नहीं है। विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी कौशलों से जोड़ना अनिवार्य है। एडीपीसी कृष्णसिंह रानीगांव, एडीईओ रेणु गौड़, सीबीईओ रेखा यादव, एसीबीईओ किशोर जोशी ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य बाबू सिंह ने की। कार्यक्रम का परिचय रतन सिंह लूणू ने दिया, मंच संचालन हितेश सोनी ने किया। अंत में सहायक एडीपीसी श्रीराम चौधरी ने आभार जताया। इस अवसर पर धर्मवीर रोज, नुकला राम, दीपक जोशी, गुलाबसिंह, प्रदीप जोशी, नरसिंह प्रसाद जांगिड़, दीप सिंह चाडी, सुनील जोशी, खुमान सिंह, ममता शर्मा, कंचन जोशी, गीता खत्री, सत्यदेव सोनी सहित कई शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। 15 ट्रेड में यह जूनियर साइंटिस्ट रहे अव्वल: एग्रीकल्चर में राउमावि आदर्श कौशल के सुनील, एप्रेल मेडअप एंड होम फर्निशिंग में राउमावि कारटिया के मोहनलाल, ऑटोमोटिव में राउमावि सिवाना के अरविंद, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस एंड इंश्योरेंस में राउमावि निंबला के ममता, ब्यूटी एंड वैलनेस में राउमावि मरटाला गाला के स्नेह धनदे, कंस्ट्रक्शन में राउमावि मरटाला गाला के संजयकुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर में पीएम श्री जीएसएस सिंधासवा के इंसाफ खान, फूड प्रोसेसिंग में राउमावि धोरीमन्ना की सीमा, हैल्थकेयर में राउमावि भूणिया के अली, आईटी में पीएम श्री राउमावि भाडखा के रितिक कुमार, मल्टीमीडिया में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल चूली के वैष्णोंविका, प्लम्बर में राउमावि झाक के ओमदान, ​रिटेल में राउमावि पायला कला की दुर्गा, सिक्योरिटी में पीएम श्री जीएसएस भाडखा के मोतीलाल, टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी में राउमावि बालेरा के मुकेशसिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया। बाड़मेर. गांधी चौक विद्यालय में मॉडल प्रदर्शनी में बच्चे प्रदर्शित करते मॉडल ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *