सागर के दमोह-सागर रोड पर स्थित विनायक ढाबे पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। तेज रफ्तार 22 चक्का कैप्सूल अनियंत्रित हुआ और विनायक ढाबे में घुस गया। परिसर में खड़े ट्रक को टक्कर मारते हुए एसयूवी पर पलट गया। घटना देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना में ट्रक का कंडक्टर घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, दमोह की ओर जा रहा तेज रफ्तार कैप्सूल (ट्रक) क्रमांक एमपी 34 जेडई 6054 अचानक अनियंत्रित हो गया। वह विनायक ढाबे में घुसा और आगे खड़े कंटेनर को टक्कर मारी और परिसर में खड़ी कार पर पलट गया। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई नहीं था। जिस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया। घटना में घायल कंटेनर ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। ड्राइवर के नशे में होने की बात कही जा रही है।


