भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम नारागांव, नर्रा, सांकरा, कन्नेवाड़ा, करहीभदर, पर्रेगुड़ा सहित अन्य गांव के 22 लोगांे को दो दिन में काटकर घायल करने वाले कुत्ते को गुरुवार रात 9 बजे ग्रामीणों ने मारकर दफना दिया। जानकारी अनुसार गुरुवार को शाम 7 से रात 8 बजे के बीच नारागांव पहुंचकर कुत्ते ने दो लोगों को काटा। जिसके बाद जहां रहता था, वहां घुस गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद वहां पहुंचकर ग्रामीणों ने डंडे से पिटाई कर सुरक्षा के लिहाज से कुत्ते को मारकर दफनाया। भीष्म पितामह साहू ने बताया कि कुत्ते ने नारागांव के सबसे ज्यादा 12-13 लोगों को काटकर घायल किया है। इसके अलावा करहीभदर सहित अन्य गांवों में पहुंचकर कई लोगों को काटा है। वहीं कई लोग बाल-बाल बचे। पागल कुत्ते की वजह से बालोद और गुरूर ब्लॉक के ग्राम करहीभदर, कन्नेवाड़ा, मुजगहन, सोरर, हथौद, नर्रा, नारागांव, बरही, जामगांव, पर्रेगुड़ा सहित आसपास गांवों में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया गया था। दावा किया जा रहा है कि घायल होने वाले सभी लोगों को रैबीज से बचाव के लिए टीका लग चुका है।


