22 हजार बच्चों को मिली सुरक्षा जागरूकता:आगर मालवा में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान का समापन

आगर मालवा में 30 दिवसीय बाल सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” का सोमवार शाम कोतवाली थाना परिसर में समापन हुआ। इस अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 70 से अधिक विद्यालयों में लगभग 22,000 बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, पुलिस स्टाफ, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आगर की छात्राएँ और सामाजिक संगठन अहिंसा वेलफेयर एवं जनसाहज एनजीओ के सदस्य उपस्थित रहे। थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों तक सुरक्षा, जागरूकता और संवेदनशीलता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल भाषा में पहुंचाना था। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन मुस्कान” केवल कानून आधारित कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और संवेदनशीलता को प्राथमिकता देने का पुलिस का संकल्प है। उन्होंने बताया कि पिछले 30 दिनों में 70 से अधिक स्कूलों में पहुंचकर 22,000 बच्चों से सीधा संवाद स्थापित किया गया, जो बाल सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एसपी सिंह ने डिजिटल युग में बच्चों के सामने आने वाले जटिल जोखिमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने फर्जी लिंक, अनजान वीडियो कॉल, डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, साइबर बुलिंग, गेमिंग एडिक्शन और सोशल मीडिया चैलेंज को बच्चों के लिए गंभीर खतरे बताया। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर प्रतिक्रिया न दें। किसी भी समस्या की स्थिति में 112, 1098 या 1930 हेल्पलाइन का उपयोग करने को कहा गया। एसपी ने “गुड टच–बैड टच” की समझ, पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, नशे और गलत संगत से दूर रहने तथा मोबाइल की लत के नुकसान पर भी विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने अंत में कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण स्कूल, परिवार और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *