दैनिक भास्कर एप की खबर का बड़ा असर हुआ है। एमपी के 23 जिलों में रेत के अवैध कारोबार को कंट्रोल करने का दावा करने वाली स्कूल टीचर प्रतिभा राय सस्पेंड हो गई है। सागर कलेक्टर संदीप जी आर ने प्रतिभा राय को सस्पेंड करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को 15 दिन में आरोप पत्र देने के निर्देश दिए हैं। प्रतिभा राय के निलंबन आदेश में लिखा है कि 11 दिसंबर को भास्कर एप पर प्रकाशित खबर के अनुसार प्रतिभा राय द्वारा कहा जा रहा है कि वह 23 जिलों में रेत का कारोबार चला रही हैं। वह वीडियो में ये भी कह रही हैं कि वह सागर जिले में रेत के अवैध कारोबार को कंट्रोल करती है। वह खुद को रेत का खनन करने वाली संबंधित निजी कंपनी से जुड़ा हुआ बता रही है। इस ऑडियो वीडियो की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सागर ने 12 दिसंबर को सहायक संचालक विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीना को जांच के निर्देश दिए थे। अधिकारी ने जांच कर जो रिपोर्ट सौंपी है उसके मुताबिक ऑडियो वीडियो रिकॉर्डिंग की प्रारंभिक रूप से पुष्टि होना पाया गया है। मप्र सिविल सेवा आचरण अधिनियम के तहत सस्पेंड
आदेश में ये भी लिखा है कि प्रतिभा राय का ये कृत्य शासकीय लोकसेवक के अधिकारों के खिलाफ है, इसलिए सिविल सेवा( आचरण) नियम 1965 के उप नियम 1,2,3 के साथ मप्र सिविल सेवा( वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 का भी उल्लंघन है। आरोपों को देखते हुए प्रतिभा राय को सस्पेंड किया जाता है। सस्पेंशन के दौरान उनका मुख्यालय सागर जिले के मालथौन का विकासखंड कार्यालय रहेगा। 15 दिन में पेश करना होगा आरोप पत्र
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आरोप पत्र पेश करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। अधिकारी को मामले की पूरी जांच कर कलेक्टर के सामने रिपोर्ट पेश करना होगी। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी ने खबर प्रकाशित होने के दूसरे ही दिन पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई थी। सूत्र बताते हैं कि स्थानीय स्तर पर इतना महिला का अधिकारियों में भी इतना खौफ है कि उन्होंने जांच ही शुरू नहीं की। माइनिंग इंस्पेक्टर और उसके गुर्गे पर कार्रवाई नहीं
भास्कर ने अपनी खबर में ये भी बताया था कि प्रतिभा राय के साथ माइनिंग विभाग की भी मिलीभगत है। सागर के माइनिंग इंस्पेक्टर सुनील कुमार उईके और उनका गुर्गा मनोहर पटेल भी भास्कर रिपोर्टर के साथ डील करते हुए कैमरे में कैद हुए थे। उईके ने कहा था कि वो (प्रतिभा राय) कौन होती है? उसके रास्ते अपने को मालूम हैं। उसका भी रेत सप्लाई का काम है, उसकी एम सेंट भी नहीं देती है। यदि कोई दिक्कत हो तो मनोहर को बोलना वह 24 घंटे मेरे साथ रहता है। नहीं भी रहता है तो तत्काल बात होती है। मेरे नंबर 940XXXX648 पर मिस कॉल कर दो। हालांकि, दोनों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दैनिक भास्कर एप पर 11 दिसंबर 2025 को प्रकाशित खबर लेडी रेत माफिया, 23 जिलों पर हुकूमत…खनिज अधिकारी-पुलिस भी शामिल:जिसने बात नहीं मानी, उसका डंपर जब्त; भास्कर रिपोर्टर डंपर चलाकर पहुंचा ‘गढ़’ में एमपी में एक स्कूल टीचर ने रेत के अवैध कारोबार में बड़े-बड़े रेत माफिया को भी पीछे छोड़ दिया है। टीचर की मर्जी के बगैर सड़क से रेत का एक डंपर भी नहीं गुजर सकता। टीचर का नाम प्रतिभा राय है, जो सागर जिले के बीना के एक छोटे से गांव किर्रोद के सरकारी स्कूल में मैथ्स पढ़ाती है। बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ प्रतिभा राय पूरे जिले में रेत के अवैध कारोबार को कंट्रोल करती है। भास्कर टीम ने इस पूरे सिंडिकेट को बेनकाब करने के लिए 20 दिनों तक अशोक नगर, मुंगावली, सागर, बीना और खुरई के इलाकों में अंडरकवर ऑपरेशन चलाया। हमारे रिपोर्टर कभी डंपर ड्राइवर बने तो कभी हेल्पर, ताकि इस गठजोड़ की हर परत को उजागर किया जा सके। इस पड़ताल में सामने आया कि कैसे यह टीचर, खनिज विभाग के भ्रष्ट अधिकारी और पुलिस की मिलीभगत से वैध को अवैध और अवैध को वैध बनाकर सरकारी खजाने को करोड़ों का नुकसान पहुंचा रही है। पढ़ें पूरी खबर…


