स्मार्ट सिटी योजना के तहत 24 घंटे पानी देने का वादा कर नगर निगम पांच वार्डों में सुबह-शाम एक-एक घंटा पानी दे रही है। इससे इन इलाकों के 60 हजार से ज्यादा लोग रोज परेशान हो रहे हैं। वार्ड पार्षदों ने इसका विरोध भी शुरू कर दिया है। पार्षदों का कहना है कि जब तक सिस्टम ठीक तरह से काम नहीं करता तब तक रोज सुबह और शाम 2-2 घंटे पानी दिया जाए। दैनिक भास्कर ने इन वार्डों के लोगों से बात की तो उनका गुस्सा फट पड़ा। लोगों का कहना है कि बिना किसी सूचना और तैयारी के पुरानी पाइपलाइन से पानी सप्लाई बंद कर दी गई। इससे परेशानी और बढ़ गई। नई पाइपलाइन से इतना कम पानी मिल रहा है कि एक बाल्टी पानी भरने में भी 10 मिनट का समय लग रहा है। निगम ने अभी इंदिरा गांधी वार्ड, हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड मौदहापारा, तात्यापारा-ब्राह्मणपारा वार्ड, स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड और मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड बैजनाथपारा में नई पाइपलाइन से ही सप्लाई की जा रही है। इसलिए यहां के लोग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। इन वार्डों के ज्यादातर घरों में पाइपलाइन को घरों के बाहर ही छोड़ दिया गया है। लोग इस पाइप में नल लगाकर पानी भर रहे हैं। नल में पाइप लगाकर पानी टंकी तक पहुंचाया जा रहा है। लेकिन धार इतनी पतली होती है कि एक घंटे में आधी टंकी भी नहीं भर पा रही है। इतना ही नहीं अधिकतर घरवालों ने इस पाइपलाइन को टुल्लू पंप से जोड़ दिया है। प्रेशर से पानी खींचने के बावजूद पानी ऊपर टंकी में नहीं चढ़ रहा है। भास्कर पहुंचा वार्डों में, लोगों ने बताया ये नई मुसीबत सबको परेशान कर रही ब्राह्मणपारा वार्ड: बेहद कम प्रेशर से पानी आ रहा
तात्यापारा चौक से ब्राह्मणपारा वार्ड के प्रतीक यादव, गणेश शर्मा और शत्रुघन ने बताया कि जब से नई पाइपलाइन से पानी आ रहा है परेशानी बहुत बढ़ गई है। पानी की सप्लाई ऐसी हो रही है कि एक ड्रम भरने में ही एक घंटा खत्म हो जाता है। पार्षद को बार-बार इस बारे में बताया गया। इसके बावजूद समस्या कम नहीं हो रही। मौदहापारा वार्ड: कनेक्शन ही पूरे नहीं लग पाए हैं
यहां अभी कई घरों में नल कनेक्शन देना बाकी है। रोजाना पांच से छह घरों में नया कनेक्शन दिया जा रहा है। अब्दुल करीम, अनीस खान और मोहम्मद नवाज ने बताया कि नई पाइपलाइन से बेहद कम पानी मिल रहा है। नल में पाइप लगाकर टंकी तक पहुंचाया तो धार और पतली हो जाती है। अब सब परेशान हो रहे। सदरबाजार वार्ड: पार्षद के पास पहुंच रही रोज शिकायत
सदर बाजार में रहने वाले लोग नई पानी के प्रेशर से बेहद परेशान हैं। यहां के अंदरूनी इलाकों में नलों के कनेक्शन बाहर छोड़ दिए गए हैं। यहां रोजाना शाम को महिलाओं के नलों के सामने पानी भरते हुए देखा जा सकता है। पानी का प्रेशर इतना कम होता है कि जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिल रहा। ट्रायल चल रहा, परेशानी दूर होगी अभी वार्डों में ट्रायल चल रहा है। जो भी परेशानी आ रही है उसे नोट कर रहे हैं। पानी का प्रेशर या सप्लाई कम की समस्या को जल्द से जल्द दूर कर दिया जाएगा। इसके लिए टीम काम कर रही है। विश्वदीप, कमिश्नर नगर निगम गर्मी जैसी समस्या हो रही
सदर बाजार वार्ड में पानी की समस्या इतनी बढ़ गई है जैसे गर्मी के समय होती है। भरपूर पानी होने के बावजूद घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोग रोज इसकी शिकायत करते हैं। – मुरली शर्मा, जोन-4 अध्यक्ष,पार्षद सदरबाजार पानी का प्रेशर काफी कम
मौदहापारा में रोजाना पांच से छह लोग नए कनेक्शन के लिए आ रहे हैं। पानी का प्रेशर भी काफी कम है। अफसरों को समस्या बताई है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। शेख मुशीर, पार्षद मौदहापारा वार्ड लगातार मिल रही शिकायत
पानी सप्लाई की शिकायत लगातार मिल रही है। अफसरों से बात की तो वे कहते हैं कि अभी ट्रायल है। वार्ड में नई पाइपलाइन से 2-2 घंटे पानी सप्लाई करने की मांग की है। – अजय साहू, पार्षद ब्राह्मणपारा वार्ड


