24 घंटे में दूसरी बार निगम कमिश्नर का घेराव:रतलाम में मंत्री के खिलाफ टिप्पणी से बिफरे पूर्व बीजेपी पार्षद व रहवासी; आयुक्त कार छोड़ पैदल गए

रतलाम में पिछले 24 घंटे में दूसरी बार नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना के खिलाफ मंगलवार को शहवासियों में आक्रोश देखा गया। थावरिया बाजार क्षेत्र में लोगों ने कमिश्नर का घेराव कर दिया। महलवाड़ा से थावरिया बाजार आने वाली रोड के बीच सूरजपौर पर जाम लगा दिया। लोगों के आक्रोश को देखते नगर निगम कमिश्नर अपना शासकीय वाहन छोड़ पैदल ही निकल गए। भाजपा के पूर्व पार्षद व पूर्व एमआईसी सदस्य मंगल लोढ़ा व रहवासियों की बहस भी कमिश्नर से भी हुई। मंगलवार दोपहर शहर के वार्ड नंबर 26 में नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना निगम अधिकारियों के साथ वार्ड में चले रहे निर्माण कार्यों को देखने पहुंचे थे। इस दौरान वहां पर क्षेत्र के पूर्व भाजपा व पूर्व एमआईसी सदस्य, वर्तमान पार्षद पति रामचंद्र डोई व रहवासी भी पहुंचे। रहवासियों ने कमिश्नर को समय पर नलों में पानी नहीं आने व आने पर भी दूषित पानी, जर्जर सड़क को लेकर शिकायत की। बताया कि वार्ड में जो शासकीय नलकूप है उनके भी बिजली कनेक्शन नगर निगम द्वारा काट दिए है। इससे साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। अधिकारी आते है लेकिन सुनते नहीं है। कमिश्नर की टिप्पणी से नाराज हुए क्षेत्र में जर्जर सड़क भी है जिसकी जानकारी मंत्री व रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप को भी हमने बताई है। तब कमिश्नर बोले उठे कि मंत्री को इसी गली में क्यों रुचि है। पूरे शहर में समस्या है। सभी को दूर किया जा रहा है। यहां भी जो समस्या है उसका निराकरण किया जाएगा। मंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा के पूर्व पार्षद व पूर्व एमआईसी सदस्य मंगल लोढ़ा व अन्य जनप्रतिनिधि गुस्सा हो गए। कमिश्नर को कहा आप मंत्री जी के बारे में इस प्रकार कैसे बोल सकते है। इसी बात को लेकर बहस बढ़ गई। हंगामा हो गया। तब कमिश्नर जाने लगे तो लोगों ने उनका घेराव कर लिया। कमिश्नर ने पूर्व भाजपा पार्षद मंगल लोढ़ा को कहा कि प्रेम से बात करो। तब उन्होंने कहा कि प्रेम से ही बात कर रहा हूं। जनता की आवाज हम नहीं उठाएंगे तो कौन उठाएगा। आपकी तानाशाही नहीं चलेगी। हंगामा बढ़ने पर नगर निगम के अन्य अधिकारी कमिश्नर को वहां से लेकर गए। गाड़ी छोड़कर पैदल गए थावरिया बाजार में कमिश्नर के विरोध के बाद आगे वाले रास्ते पर भी लोगों ने जाम लगा दिया। इससे कमिश्नर अपना वाहन छोड़ कर पैदल ही नगर निगम चले गए। पूर्व पार्षद मंगल लोढ़ा ने बताया कि हमने जनता की समस्या बताई है। लेकिन निगम कमिश्नर का रवैया सही नहीं था। इस कारण रहवासी भी आक्रोशित हुए है। वार्ड 39 में लोगों ने रास्ता जाम किया थावरिया बाजार पानी की टंकी से कुछ ही दूरी पर वार्ड 39 में के रहवासियों ने भी पेयजल की समस्या को लेकर चक्काजाम कर दिया। यहां छोटे बच्चे से लेकर बड़े खाली बर्तन लेकर सड़क पर आ गए। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि क्षेत्र में मंदिर है और शासकीय नलकूप लगा है। लेकिन निगम अधिकारियों ने उसका बिजली कनेक्शन कटवा दिया है। इससे साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। नलो में समय पर पानी नहीं आ रहा है। कई बार नगर निगम में समस्या बता चुके है। लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। लोगों ने रोड के बीच में बैरीकेड्स भी लगा दिए। यहां पर आयुक्त भाना आए। लोगों से बात की। लेकिन लोगों के आक्रोश को देखते हुए वह रवाना हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *