पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा, घना कुहासा और धुंध इन दिनों झारखंड को परेशान किए हुए है। जनजीवन अहले सुबह से 10 बजे तक सामान्य नहीं हो पा रहा है। ठंड शहर की रफ्तार धीमा किए हुए है। लगभग सभी जिलों में आज सुबह में धुंध और कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अगले 5 दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कम अंतर रहने के कारण सुबह और शाम में कनकनी रहेगी। रांची एयरपोर्ट की रफ्तार हुई धीमी लगातार कुहासा रहने की वजह से हवाई यात्रा पर भी खासा असर पड़ रहा है। बुधवार को भी सुबह के कई विमान देर से रांची पहुंचे। इस वजह से कई विमानों ने देर से उड़ान भरी। सुबह में विजिबिलिटी 700 मीटर के आसपास रह रही है। इस वजह से विमान सेवा में परेशानी उठाना पड़ रहा है। बुधवार को मुंबई रांची एयर इंडिया अपने निर्धारित समय से 45 मिनट देर से पहुंची। इसी तरह पुणे रांची इंडिगो, दिल्ली रांची इंडिगो, कोलकाता रांची इंडिगो और दिल्ली रांची एयर इंडिया सहित 10 से अधिक विमान के आने और उड़ान भरने में 40 से 45 मिनट का अंतर रहा है। रांची एयरपोर्ट से बुधवार को 25 विमान आए और गए। 2 डिग्री तक गिरा झारखंड का तापमान उत्तर भारत में लगातार बर्फबारी के कारण झारखंड पर इसका असर पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक गिर गया। मंगलवार को राज्य का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस था जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बीते 24 घंटे में राज्य में सबसे कम तापमान हजारीबाग में दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इधर 19 और 20 जनवरी को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से दिन में आसमान साफ रहेगा। इससे थोड़ी गर्मी लग सकती है। बुधवार को रांची जिले में कांके का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सिया तथा नामकुम का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले छह दिनों के मौसम का पूर्वानुमान शुक्रवार : अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बादल छाए रहने की संभावना है। शनिवार : अधिकतम तापमान 27.17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.83 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान साफ रहने की संभावना है। रविवार : अधिकतम तापमान 29.09 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान साफ रहने की संभावना है। सोमवार : अधिकतम तापमान 30.46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान साफ रहने की संभावना है। मंगलवार : अधिकतम तापमान 30.69 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान साफ रहने की संभावना है। बुधवार : अधिकतम तापमान 31.98 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान साफ रहने की संभावना है।


