भास्कर न्यूज | अमृतसर फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी के 2 मामले सामने आए हैं। एक ओर लोपोके थाना क्षेत्र में एक शख्स को विदेशी नंबरों से कॉल आ रही है, वहीं दूसरी मामले में मत्तेवाल थाना क्षेत्र में एक जेल में बंद अपराधी ने फिरौती की मांग की है। पहला मामला लोपोके थाना अंतर्गत शहूरा गांव निवासी राजविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके व्हाट्सएप नंबर पर बीते 4–5 दिनों से लगातार विदेशी नंबरों से कॉल आ रही थीं। कॉल करने वाले ने खुद को गुरदेव उर्फ जैसल बताया और कहा कि वह तरनतारन के सरहाली थाना क्षेत्र के चंबल गांव का रहने वाला है। आरोपी ने धमकी देते हुए उनसे 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी और धमकी दी कि यदि पैसे न दिए तो वह शिकायतकर्ता को जान से मरवा देगा। लोपोके थाना पुलिस ने केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से विदेशी नंबरों की लोकेशन और नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। मत्तेवाल पुलिस ने उदोके कलां गांव निवासी रंजीत कुमार की शिकायत पर 2 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। रंजीत कुमार ने बताया कि मेहता थानांतर्गत अर्जन मांगा गांव निवासी गुरविंदर सिंह, जो इस समय जेल में बंद है, ने व्हाट्सऐप पर कॉल कर 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी। आरोपी ने धमकी दी है कि उसका भाई जसबंजीत सिंह उर्फ बिल्ला 2 दिन में पैसे लेने आएगा। अगर पैसे न दिए तो जान से मार देंगे। दोनों लगातार कॉल कर धमका रहे हैं।


