25वां जोधपुर पोलो-2024:रोमांचक मुकाबले में जयपुर ने चांदना को हराकर जीता पोलो कप

शहर में चल रहे 25वें जोधपुर पोलो सीजन-2024 में रविवार को महाराजा ऑफ जोधपुर गोल्डन जुबली कप (8 गोल) टूर्नामेंट के फाइनल में जयपुर ने बेदला चांदना टीम को रोमांचक मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। शहर के पाबूपुरा एयरपोर्ट रोड स्थित महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो मैदान में जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में जयपुर ने बेदना टीम को पांच के मुकाबले सात गोल कर दो गोल के अंतर से हराकर कप जीत लिया। गज सिंह ने दी ट्रॉफी जयपुर टीम के लांस वाटसन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को कप दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के चौथे चक्कर में जयपुर से पद्मनाभसिंह ने बेहतरीन खेलते हुए चाक-क्षेत्ररक्षण के बावजूद गोल कर बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मैच के दौरान जोधपुर पोलो के संरक्षक गजसिंह व मुख्य अतिथि के रूप में इंटरनेशनल पोलो फेडरेशन की सिल्विया डी डूरंगा मैदान में उपस्थित थीं। मुख्य अतिथि ने खेल का आगाज गेंद फेंककर कराया। मैच समाप्ति पर पूर्व नरेश गजसिंह व मुख्य अतिथि ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को कप व ट्रॉफी प्रदान की। मैच के पूर्व व मैच के दौरान मैदान में उपस्थित मेहरानगढ़ बैंड व 1 मैक आईएनएफ वन मद्रास पाइप बैंड ने मार्चपास्ट किया। जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के मानद सचिव इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि बेदला चांदना टीम की ओर से खेलते हुए टीम के चार हैण्डीकेप के अर्जेन्टीना के खिलाड़ी फेड्रिको बोडो ने पहले, दूसरे व चौथे चक्कर में एक-एक गोल, तीन हैण्डीकेप के अभिमन्यु पाठक व हिम्मतसिंह बेदला ने दूसरे चक्कर में एक-एक गोल किया। इस टीम द्वारा तीसरे चक्कर में कोई गोल नहीं किया गया। मुकाबले में जयपुर टीम की ओर से खेलते हुए टीम के चार हैण्डीकेप के साऊथ अफ्रीकी खिलाड़ी लांस वाटसन ने पहले व तीसरे चक्कर में एक-एक व चौथे चक्कर में दो गोल किए। साथी खिलाड़ी तीन हैण्डीकेप के सिमरन सिंह शेरगिल ने पहले व दूसरे चक्कर में एक-एक व तीन हैण्डीकेप खिलाड़ी जयपुर पूर्व नरेश सवाई पद्मनाभसिंह ने चौथे चक्कर में एक गोल किया। मैच के अम्पायर अर्जेन्टीना के निकोलस स्क्रोटीचीनी व उदय कलान थे। रैफरी धनंजयसिंह व कांमेन्ट्री राजवी शैलेन्द्रसिंह व अंकुर मिश्रा ने सम्मिलित रूप से की। जोधपुर के पूर्व नरेश ने जयपुर के पूर्व नरेश को मारवाड़ी बछेरी उपहार में दी। जोधपुर पोलो मैग्जीन के सम्पादक अंकुर मिश्रा ने मारवाड़ी बछेरी मीरा जोधपुर पूर्व नरेश गजसिंह के हाथों सवाई पद्मनाभ सिंह को भेंट की। बेस्ट यंग राईडर ऑफ दी सीजन अवार्ड- पूर्व नरेश गजसिंह ने पोलो खिलाड़ी विवान मेहता को बेस्ट यंग राईडर ऑफ दी सीजन अवॉर्ड से सम्मानित किया। मोस्ट वेल्यूएबल प्लेयर ऑफ दी सीजन- अर्जेन्टीना के पोलो खिलाड़ी फेड्रिको बोडो को मोस्ट वेल्यूएबल प्लेयर ऑफ दी सीजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। बेस्ट आर्मी पोलो प्लेयर ऑफ दी सीजन अवार्ड- मेजर मृत्युंजयसिंह चौहान को बेस्ट आर्मी पोलो प्लेयर आॅफ दी सीजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस अवॉर्ड के तहत उन्हें जनरल साहनी ट्रॉफी प्रदान की गई। राज भंवर सा ट्रॉफी फॉर दी मोस्ट प्रोमिसिंग यंग प्लेयर अवार्ड- राज भंवर सा ट्रॉफी फॉर दी मोस्ट प्रोमिसिंग यंग प्लेयर अवार्ड पोलो खिलाड़ी डीनो धनकड़ को प्रदान किया गया। इस अवार्ड के तहत उन्हें राज भंवर सा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। बेस्ट प्लेइंग पौनी अवार्ड- महाराजा ऑफ जोधपुर गोल्डन जुबली कप की बेस्ट प्लेइंग पौनी अवार्ड जयपुर के पद्मनाभ सिंह की पौनी केपिटाना को प्रदान किया गया, जिसके तहत सेडल प्रदान की गई। बेस्ट प्लेइंग पौनी ऑफ दी सीजन अवार्ड- पोलो खिलाड़ी अशोक चांदना की पौनी बम्बीना को बेस्ट प्लेइंग पौनी ऑफ दी सीजन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सोमवार खेला जायेगा अबू सियर कप का प्रदर्शन मैच- उम्मेद भवन हाउस होल्ड के पीआरओ राजेंद्रसिंह लीलिया के अनुसार 30 दिसम्बर को अबू सियर कप का प्रदर्शन मैच दोपहर 3 बजे खेला जायेगा। इस प्रदर्शन मैच के साथ ही 25वें जोधपुर पोलो सीजन-2024 का भी समापन हो जायेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *