25 करोड़ रुपए से विकसित होगा रजरप्पा मंदिर, दामोदर-भैरवी नदी के किनारे सीढ़ियां होंगी चौड़ी, पुल, पार्किंग, व्यूइंग डेक, फ्लोरिंग और भव्य बनेगा एंट्री गेट

शशि कुमार | रांची झारखंड का प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर अब विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। इसके लिए 25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसकी डीपीआर को झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (जेएसबीसीसीएल) से तकनीकी स्वीकृति मिल गई है। अब फाइनल प्रशासनिक स्वीकृति भी जल्द मिलने की बात कही जा रही है। इसके बाद काम तेजी से चलेगा। 25 करोड़ की राशि से मंदिर परिसर व मंदिर के आसपास के क्षेत्र का विकास किया जाएगा। मंदिर सौंदर्यीकरण के साथ दामोदर व भैरवी नदी के किनारे सीढ़ियां चौड़ी होंगी। पुल, पार्किंग, व्यूइंग डेक , फ्लोरिंग व भव्य एंट्री गेट बनाए जाएंगे। झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने कहा कि डीपीआर जिले में भी भेजा गया है। जिले से अनापत्ति पत्र भी शीघ्र मिल जाएगा। सभी बाधाएं दूर कर ली गई हैं। अगले एक महीना में काम शुरू हो जाने की पूरी उम्मीद है। त्वरित काम चालू हो इसके लिए न्यास बोर्ड हर स्तर से प्रयास कर रहा है। डीपीआर कंपनी चड्ढा एंड एसोसिएट्स ने तैयार किया है। दामोदर नदी साइड पर छठ घाट, रैंप व टॉयलेट पर साढ़े चार करोड़ रुपए का खर्च होगा। भोग घर के निर्माण पर सवा दो करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। प्रस्तावित और मौजूदा आरसीसी शेड में दुकानों सहित घाट का निर्माण पर 3 करोड़ 19 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। स्काई कोर्ट का निर्माण, दामोदर नदी के किनारे व्यूइंग डेक, भैरवी नदी किनारे शिवालय की सीढ़ियां चौड़ीकरण, इस नदी में घाट का निर्माण, कतार कॉम्प्लेक्स को जोड़ने वाला पुल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए रिचार्ज पिट, एफ्लुएंट ​ट्रीटमेंट प्लांट, कैंपस ड्रेनेज, इलेक्ट्रिक वर्क, एप्रोच रोड के चितरपुर साइड पर कॉम्प्लेक्स एंट्री गेट, पार्किंग, फ्लोरिंग आदि कई कार्य किए जाएंगे। सुरक्षा समेत कई निर्माण कार्य किए जाएंगे। रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर रामगढ़ जिले में स्थित एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ है। यह मंदिर भैरवी और दामोदर नदी के संगम पर स्थित है। यह मंदिर अपनी रहस्यमय प्रतिमा और तंत्र साधना के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां रोज हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसा दिखेगा रजरप्पा मंदिर परिसर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *