25 साल फैक्ट्री में काम किया, सड़क हादसे में मौत; बीमा-पेंशन पर धरना, मुआवजे के बाद परिजन माने

भास्कर न्यूज| लुधियाना कंगनवाल में सड़क हादसे में फैक्ट्री मजदूर की मौत के बाद परिजनों और साथी कर्मचारियों ने फैक्ट्री के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। आरोप था कि फैक्ट्री मालिक मृतक का इंश्योरेंस और पीएफ का पैसा देने से इनकार कर रहे हैं। करीब दो घंटे तक नारेबाजी के बाद फैक्ट्री प्रबंधन मुआवजे पर राजी हुआ। मृतक की पहचान सुरिंदर यादव (48), निवासी कंगनवाल के रूप में हुई। वह वारयम स्टील कास्टिंग्स प्राइवेट लिमिटेड में पिछले 25 साल से काम कर रहा था। 18 जुलाई को वह शाम करीब 7 बजे काम खत्म कर फैक्ट्री से पैदल घर लौट रहा था। बिजली घर के पास तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सुरिंदर को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सुरिंदर के परिजन और फैक्ट्री के कर्मचारी सोमवार दोपहर फैक्ट्री गेट पर इकट्ठा हुए। उनका आरोप था कि सुरिंदर की मौत के बाद जब वे बीमा और पीएफ की राशि लेने पहुंचे, तो प्रबंधन ने बात तक नहीं की। फैक्ट्री के वरिष्ठ अधिकारियों ने न तो मालिक से मिलने दिया और न ही कोई जवाब दिया। इससे नाराज होकर सभी ने फैक्ट्री गेट पर धरना शुरू कर दिया। धरना दे रहे उपेंद्र यादव, चितरंजन कुमार, राज सिंह राजपूत, अनीश सिंह और प्रभु पंडित ने बताया कि सुरिंदर का पीएफ और इंश्योरेंस हर महीने कटता था। हादसे के बाद भी प्रबंधन ने मुआवजे को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। इसके विरोध में करीब 50 से ज्यादा कर्मचारी फैक्ट्री गेट पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक मृतक के परिजनों को पूरा मुआवजा और बकाया राशि नहीं दी जाती, प्रदर्शन जारी रहेगा। करीब 2 घंटे के बाद फैक्ट्री के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सुरिंदर के पीएफ की पूरी राशि जल्द दे दी जाएगी। इसके अलावा अंतिम संस्कार का सारा खर्च भी फैक्ट्री उठाएगी। फैक्ट्री मैनेजर बोले- सभी बकाया देंगे वारयम स्टील कास्टिंग्स के जनरल मैनेजर अरुण सिंह ने सभी आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सुरिंदर के पीएफ की जितनी राशि बनती है, वह परिजनों को दी जाएगी। अंतिम संस्कार का खर्च भी कंपनी वहन करेगी। मामले में थाना साहनेवाल के जांच अधिकारी (आईओ) बिंदर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन मुन्ना कुमार की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हादसे के समय का सीसीटीवी खंगाला जा रहा है। आईओ ने कहा कि परिजनों ने उन्हें मुआवजे और इस रोष प्रदर्शन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। वह उच्च अधिकारियों से बात कर इस मामले में आगे की कार्रवाई करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *