मंदसौर में आरोपी ने एक युवक को 25 सेकेंड में लगातार 13 बार घूंसे मारे। इसके बाद नीचे पड़ा नुकीला पत्थर उठा लिया। आरोपी ने पत्थर से पहले दो बार युवक के सिर पर वार किया। फिर तीन बार पेट पर वार कर हत्या कर दी। ये पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। युवक की हत्या के दौरान गाड़ियां गुजर रही थीं। सामने दुकानें खुली हुई थीं। वहां लोग खड़े होकर आरोपी को हमला करते हुए देख रहे थे, लेकिन किसी ने भी आगे आकर बीचबचाव नहीं किया। घटना कालाखेत इलाके में गुरुवार रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। मृतक की पहचान मुबारिक शेख (28) के रूप में हुई है। वह मदरपुरा का रहने वाला था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, वह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा।
खून से लथपथ पड़ा रहा युवक
जानकारी के मुताबिक, आरोपी दुकान के बाहर सो रहा था। मुबारिक वहां पहुंचा और आरोपी को उठाने की कोशिश करने लगा। इससे आरोपी इतना भड़क गया कि उसने मुबारिक पर हमला कर दिया। फिर घूंसे मारे। नीचे पड़े भारी पत्थर को उठाकर वार किया, जिससे मुबारिक के सिर से खून बहने लगा। देर रात मुबारिक खून से लथपथ सड़क किनारे मिला। लोगों से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी जहूर शाह निवासी प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है।


