सवाई माधोपुर के बजरिया इलाके में रविवार को हिंदू सम्मेलन के अंतर्गत आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत कलश यात्रा का आयोजन किया गया। गायत्री मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई इस यात्रा में 251 कलश शामिल किए गए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता निभाई। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और भक्ति भजनों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। कलश यात्रा गायत्री मंदिर परिसर से रवाना होकर जटवाड़ा खुर्द, गणेश नगर ए एवं बी कॉलोनी से होते हुए मानटाउन स्कूल परिसर पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर अनुशासित ढंग से चल रही यात्रा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ सहित अन्य धार्मिक जयघोषों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। आयोजन समिति और स्थानीय नागरिकों का रहा विशेष सहयोग कलश यात्रा के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों का भी विशेष सहयोग रहा। व्यवस्था को लेकर स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। कलश यात्रा के बाद होंगे गीता पाठ और धार्मिक अनुष्ठान कलश यात्रा के समापन के बाद मानटाउन स्कूल परिसर में विराट हिंदू सम्मेलन के तहत धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में गीता पाठ, महामंत्र की माला तथा जय हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ शामिल रहेगा। इसके साथ ही संतों द्वारा प्रवचन और उद्बोधन दिए जाएंगे, जिनमें धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा। धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना उद्देश्य आयोजकों ने बताया कि विराट हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना जागृत करना, संस्कारों को सुदृढ़ करना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना है। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


