भास्कर न्यूज | धमतरी मतदाता पुनरीक्षण कार्य की निगरानी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से 26 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट धमतरी का दौरा करेंगे। इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने राजीव भवन में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। सोमवार को राजीव भवन पहुंचे कांग्रेस नेता मलकीत सिंह गैंदू ने बताया कि एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट 26 नवंबर को धमतरी पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे राजीव भवन में कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एसआईआर पर चर्चा करेंगे। उन्होंने जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, पंकज महावर, मोहन लालवानी, नीशु चंद्राकर, लेखराम साहू, डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, विजय प्रकाश जैन, मदन मोहन खंडेलवाल, आकाश गोलछा, योगेश शर्मा, घनश्याम साहू, नरेश जसूजा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


