राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) 27 और 28 फरवरी को आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर के निर्देश पर यह परीक्षा जिला मुख्यालय और तालेड़ा उपखंड मुख्यालय के निर्धारित केंद्रों पर होगी। परीक्षा के नोडल अधिकारी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया है। 27 फरवरी को पहली पारी में सुबह 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक लेवल-1 की परीक्षा होगी। यह कक्षा 1 से 5 के लिए है। इसी दिन दूसरी पारी में दोपहर 3 से शाम साढ़े 5 बजे तक लेवल-2 की परीक्षा होगी। यह कक्षा 6 से 8 के लिए है। 28 फरवरी को तीसरी पारी में सुबह 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक फिर से लेवल-2 की परीक्षा होगी। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के कमरा नंबर 34 में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यह कक्ष 25 फरवरी से काम करना शुरू करेगा। पहली पारी में सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी पारी में दोपहर 2 से रात 10 बजे तक चलेगा। नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर 0747-2940097 है। जिला शिक्षा अधिकारी चन्द्र प्रकाश राठौर इस नियंत्रण कक्ष के प्रभारी होंगे।


