जांजगीर | जांजगीर नैला के श्रद्धालुओं के लिए एक शुभ अवसर आ रहा है। वृंदावन भक्ति कुटीर इस वर्ष एक बार फिर श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का भव्य आयोजन कर रहा है, जो 27 जून शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। यह महोत्सव ना केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि नगरवासियों के लिए एक भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण अद्भुत अनुभव भी साबित होगा। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्री जगन्नाथ वर्ष में एक बार अपने मंदिर से बाहर निकलकर अपनी प्रिय प्रजा को दर्शन देते हैं। इस दौरान उनके साथ भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भी होती हैं। यह दृश्य ही अपने आप में एक अलौकिक अनुभव होता है, जब तीनों देव विग्रह भव्य रथों में सवार होकर नगर भ्रमण करते हैं। इस वर्ष रथयात्रा मिशन हॉकी ग्राउंड, भाटापारा जांजगीर से प्रारंभ होकर कचहरी चौक होते हुए अग्रसेन भवन, नैला तक निकलेगी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के माध्यम से भगवान का स्वागत करेंगे। इस अवसर पर वृंदावन भक्ति कुटीर ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे इस रथयात्रा में पूरे परिवार के साथ सम्मिलित हो। महोत्सव वृंदावन भक्ति कुटीर, रायगढ़िया राइस मिल के सामने, जांजगीर नैला में 27 जून की दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। इस महोत्सव में भाग लेना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और ईश्वर की निकटता का दुर्लभ अवसर है।


