27 ग्राम हेरोइन के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार:हत्या का आरोपी भी धरा, लिव-इन पार्टनर भी शामिल

हनुमानगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों और एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 27.10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में अमृता (30), साहबराम (34), सोनू सिंह (30) और पवन कुमार (26) शामिल हैं। एसपी अरशद अली के निर्देश पर पुलिस टीम ने डीएसटी की मदद से इस कार्रवाई को अंजाम दिया हैं। हनुमानगढ़ टाउन थानाधिकारी गजेंद्र शर्मा और उनकी टीम ने 12 फरवरी को क्रेटा कार (नंबर HR44J6224) से तीन आरोपियों को पकड़ा। जांच में पता चला कि साहबराम और अमृता लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर लंबे समय से नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। साहबराम के खिलाफ बीकानेर रेंज में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और वह महाजन थाने में मारपीट के एक मामले में वांछित है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हेरोइन की सप्लाई हरियाणा के मंडी आदमपुर से पवन कुमार करता था। डीएसटी की टीम ने पवन को गिरफ्तार कर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस को सौंप दिया। पवन आदमपुर मंडी थाने में एक हत्या के मामले में वांछित चल रहा है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने सिकलीगर मोहल्ला और बरकत कॉलोनी में छापेमारी कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान अमृता फरार हो गई थी, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *