27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर रांची रवाना हुआ कुशवाहा संघ

भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखंड कुशवाहा महासभा द्वारा पिछड़ों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगों को लेकर लोक भवन रांची में आयोजित धरना कार्यक्रम के लिए बुधवार को कुशवाहा संघ रवाना हुआ। टीम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष इंद्र नारायण प्रसाद और जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने संयुक्त रूप से किया। जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने कहा कि पिछड़ा वर्ग 27 प्रतिशत आरक्षण का हकदार है और इसे हर हाल में मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकार की लड़ाई संगठन के मजबूत होने से ही लड़ी जाती है। रांची धरना में शामिल होने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग समाज के हक और सम्मान के लिए संघर्षरत हैं और आगे भी पिछड़ों के अधिकार, रोजगार और सम्मान के लिए यह लड़ाई जारी रहेगी। जिलाध्यक्ष इंद्र नारायण प्रसाद ने कहा कि जब राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त है, तो झारखंड में केवल 14 प्रतिशत क्यों दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गलत प्रचार कर रहे हैं कि 27 प्रतिशत आरक्षण देने से एससी-एसटी कोटे में कटौती होगी, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। दल में मुख्य रूप से संघ के महामंत्री ओमप्रकाश महतो, कार्यकारी अध्यक्ष दिगंबर प्रसाद दिवाकर, जिला परिषद सदस्य कुमारी प्रभा वर्मा, युवा समाजसेवी मनीष कुमार, बेंगाबाद प्रखंड अध्यक्ष पवन वर्मा, इंद्रलाल वर्मा, शिबू वर्मा, रितलाल वर्मा सहित कई सदस्य शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *