जयपुर| रेलवे द्वारा 21 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय रेल सप्ताह समारोह में रेलमंत्री द्वारा उत्तर पश्चिम रेलवे के 4 अधिकारियों और कर्मचारियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (एवीआरएसपी) देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए 27 साल पहले स्वीकृत किए गए दौसा-गंगापुर सिटी नई लाइन प्रोजेक्ट को पूरा करने वाले डिप्टी चीफ इंजीनियर विक्रम मीना को सम्मानित किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रोजेक्ट को जल्दी करने का रेलवे बोर्ड से जबरदस्त दबाव था। ऐसे में जीएम अमिताभ, सीएओ सी वेदप्रकाश और सीई गगन गोयल ने प्रोजेक्ट की लगातार मॉनिटरिंग कर, इसे दी गई डेडलाइन से पहले पूरा करवाया। 27 साल से कछुआ चाल चल रहे इस प्रोजेक्ट को महज 27 महीने में पूरा किया गया। इसी प्रकार चेकिंग स्क्वायड के सीटीआई राकेश चतुर्वेदी ने एक साल में सुपरफास्ट, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सर्वाधिक 17657 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा। इससे ना सिर्फ रिजर्व यात्रियों को राहत मिली। बल्कि रेलवे को भी रिकॉर्ड 1.15 करोड़ रुपए का राजस्व मिला। इसके अलावा उत्तर पश्चिम रेलवे के डिप्टी एफएएंडसीएओ अशोक कुमार मीना और सीनियर सेक्शन इंजीनियर कमलेश कुमार कुमावत को भी सम्मानित किया जाएगा। गौरतलब है कि जयपुर में भी इस माह के अंत तक जीएम अमिताभ द्वारा जोनल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (वीआरएसपी) दिया जाएगा।


