भास्कर संवाददाता | राजगढ़ संत श्री 1008 हरि ओम तत्सत महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 28 दिसंबर रविवार को शहर में चरण पादुका पूजा एवं शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भगवान सत्यनारायण मंदिर परिसर में सर्व समाज की बैठक संपन्न हुई। आयोजक हरि ओम तत्सत महाराज सत्संग मंडली ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जल्द ही महिलाओं की एक विशेष बैठक होगी, जिसके बाद कलश यात्रा के साथ शोभा यात्रा निकाली जाएगी। बैठक में समाजसेवी, सांसद प्रतिनिधि मनोज हाड़ा, जेपी शर्मा, हरिओम दुबे, आनंद त्रिपाठी, बृजेश व्यास, राजेंद्र शर्मा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और नागरिक मौजूद थे।


