फलोदी -देचू सड़क मार्ग पर कोलू पाबूजी टोल नाका पर गुरुवार सुबह 9 बजे गुजरात से बीकानेर जा रहा गैस से भरा टैंकर पलट गया था । जिसे 28 घंटे बाद आज शुक्रवार दोपहर 1.30 बजे कड़ी मशक्कत के बाद टैंकर को सीधा किया जा सका है। बता दें कि गैस टैंकर गुजरात से बीकानेर जा रहा था। जिसका वजन करीब 35 टन है। गुरुवार को मौके पर बुलाई गई क्रेन मशीन गैस से भरे टैंकर को उठा नहीं पा रही थी तो दो छोटी क्रेन बुलाई गई, उसमें भी सफल नहीं होने पर व अंधेरा हो जाने के कारण, ऑपरेशन सुबह तक के लिए टाल दिया गया। गैस कम्पनी की और से आई टीम द्वारा मौके पर टैंकर सीधा करने के दौरान बार-बार गैस टैंकर को चेक किया जा रहा था। टीम, पुलिस और प्रशासन ने दोपहर डेढ़ बजे टैंकर सीधा करने के लिए के बाद राहत की सांस ली गई है। गुरुवार शाम 8 बजे तक प्रयास किए गए लेकिन उसमें सफल नहीं हुए तो काम रोक दिया गया था। दूसरे दिन आज सुबह 11 बजे फिर से टैंकर को सीधा करने का प्रयास शुरू किया गया। आखिरकार दोपहर डेढ़ बजे टैंकर सीधा करने में सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार टैंकर में करीब 20 टन एलपीजी गैस भरी हुई है। सुरक्षा की दृष्टि से गुरुवार सुबह से ही रास्ते को डायवर्ट किया गया था जो अभी जारी है। जिला कलक्टर हरजीलाल अटल व एसपी पूजा अवाना भी दोपहर 12.45 पर टोल नाका पर पहुंचे मौका निरीक्षण किया 15 मिनट रूकने के बाद टैंकर सीधा करने से पहले ही निकल गए। गुरुवार को हुए हादसे के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोहावट, फलोदी, देचू व RAC के जवान मौके पर तैनात हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद है। वहीं मामले को लेकर लोहावट पुलिस थाने में अमर कुमार निवासी निमराण ने टैंकर ड्राइवर विक्रम सिंह पुत्र प्रेमसिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसमें टैंकर ड्राइवर पर एलपीजी गैस से भरे टैंकर को तेज गति एवं लापरवाही से चलाकर टोल बूथ को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए है। मामले की जांच एएसआई शैतानाराम कर रहे हैं।


