लुधियाना| शेरे पंजाब इंटरप्राइजेज कंपनी के कर्मचारियों द्वारा ट्रैक्टर पार्ट्स की चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के दो कर्मचारियों ने पिछले 3 सालों से डिलीवरी के दौरान रास्ते में ही सामान गायब कर उसे किसी अन्य कंपनी को बेच दिया। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब कंपनी ने खुद इस मामले की जांच शुरू की और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। कंपनी के मैनेजर जगदीप सिंह ने बताया,उनके पास प्रिंस वर्मा और निशु शिकरी सेल्समैन के तौर पर काम करते थे। ये दोनों दूसरे राज्यों से आर्डर लेकर आते थे। लेकिन हाल ही में यह नोटिस किया गया कि जितना सामान फैक्ट्री से भेजा जाता, उतना ही सामान दूसरे राज्यों में नहीं पहुंचता था। इसके बाद कंपनी ने खुद जांच शुरू की और पता चला कि आरोपी डिलीवरी के दौरान ट्रैक्टर पार्ट्स को रास्ते में ही गाड़ियों से निकालकर अन्य कंपनी की गाड़ियों में डाल रहे थे। पकड़े गए आरोपी प्रिंस वर्मा और निशु शिकरी से पूछताछ की गई, तो उन्होंने इस चोरी को 3 साल से लगातार करने की बात कबूल की। इसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर थाना डिवीजन-2 में आरोपियों के खिलाफ 28 लाख रुपए के सामान की चोरी का मामला दर्ज किया गया।


