भास्कर न्यूज | कवर्धा युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत कबीरधाम जिले के 375 सरकारी स्कूलों को मर्ज किया जा रहा है। वहीं 283 अतिशेष शिक्षकों की लिस्ट जारी कर दी गई है। इनकी नवीन पदस्थापना को लेकर 2 व 3 जून को काउंसिलिंग बुलाई गई है। इससे पहले ही शिक्षकों ने काउंसलिंग का बहिष्कार कर दिया है। 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जा रहे हैं। दरअसल, युक्तियुक्तकरण में 2008 के सेटअप का पालन नहीं किए जाने को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन समेत सभी शिक्षक संगठनों में आक्रोश है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रवंशी की अध्यक्षता में स्थानीय रानी झांसी बालोद्यान में रविवार को जिला स्तरीय बैठक हुई, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। शिक्षक साझा मंच के आह्वान पर 2 व 3 जून को युक्तियुक्तकरण काउंसिलिंग का बहिष्कार कर दिए हैं। साथ ही राजमहल चौक कवर्धा स्थित राजीव गांधी पार्क में सोमवार से बेमुद्दत हड़ताल पर बैठेंगे। मनमानी से शिक्षा गुणवत्ता होगी प्रभावित: एसोसिएशन का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी अपना मनमानी करते हुए सरकारी स्कूलों में युक्तियुक्तकरण कर रहे हैं। प्राथमिक स्कूल में 3 के बजाय 2 शिक्षक रख रहे हैं। मिडिल स्कूल में 5 शिक्षक को घटाकर 4 कर रहे हैं। इससे शिक्षा गुणवत्ता पर विपरीत असर पड़ेगा। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रवंशी ने बताया कि छग शासन स्कूल शिक्षा विभाग ने 2008 में स्कूलों के सेटअप (पदक्रम रचना) जारी किया था, जो प्रभावशील है। इसी सेटअप के अनुसार स्कूलों में शिक्षकों की पदस्थापना किया जाता है लेकिन इस सेटअप को दरकिनार किया गया है। चार प्रमुख मांगों को लेकर शिक्षक कर रहे हैं आंदोलन यह हड़ताल चार सूत्रीय मांग को लेकर किया जा रहा है। युक्तियुक्तकरण में सेटअप 2008 का पालन, पूर्व सेवा की गणना कर पुरानी पेंशन, क्रमोन्नति व समयमान वेतनमान के लिए जनरल आर्डर और पदोन्नति में बीएड की अनिवार्यता समाप्त करना शामिल है। स्थानीय रानी झांसी बालोद्यान में रविवार को एसोसिएशन की बैठक हुई। आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में कहा गया कि वर्तमान युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया सही नहीं है। इस दौरान एसोसिएशन के आसकरण धुर्वे, केशलाल साहू, वकील बेग मिर्जा, गोकुल जायसवाल, दुर्गा चंद्रवंशी, मनोज कौशिक, जयप्रकाश चंद्रवंशी समेत अन्य शामिल हुए।


